देश की खबरें | असम : डकैती के आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश की, पुलिस ने मारी गोली

गुवाहाटी, 29 अप्रैल असम के कछार जिले में डकैती के एक मामले में गिरफ्तार एक व्यक्ति हिरासत से कथित तौर पर भागने की कोशिश के दौरान पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि व्यक्ति को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने कहा कि जब उसे जांच के लिए सिलचर शहर के रंगीरखारी इलाके में ले जाया जा रहा था, तो उसने कथित तौर पर भागने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि आरोपी को इलाज के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि उसके कब्जे से दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

इस बीच, जिले में अर्धसैनिक बल के काशीपुर शिविर में सीआरपीएफ के 40 वर्षीय एक जवान ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली।

उन्होंने बताया कि जवान के कंधे पर गोली लगी है और उसे इलाज के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि हरियाणा के मूल निवासी सीआरपीएफ जवान ने खुद को गोली क्यों मारी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)