गुवाहाटी, 24 जुलाई असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने विपक्ष के गठबंधन पर तंज कसते हुए सोमवार को कहा कि उन्होंने अपने ‘ट्विटर परिचय’ में ‘इंडिया’ की जगह ‘भारत’ कर दिया है जो कांग्रेस से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में जाने की उनकी ‘‘यात्रा’’ को दर्शाता है।
विपक्षी दलों ने बेंगलुरू में हुई बैठक के बाद 18 जुलाई को अपने गठबंधन का ऐलान किया था जिसका नाम ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलांयस’ (इंडिया) रखा था। इसके बाद शर्मा ने अपने ट्विटर पर दिए अपने परिचय से ‘चीफ मिनिस्टर ऑफ असम, इंडिया’ में बदलाव करते हुए ‘चीफ मिनिस्टर ऑफ असम, भारत’ कर दिया।
उन्होंने ट्विटर पर कहा, “(ट्विटर पर) मेरे पिछले परिचय में मैंने असम, ‘इंडिया’ का उल्लेख किया था। मैं ‘इंडियन नेशनल कांग्रेस’ से ‘भारतीय जनता पार्टी’ में जाने की अपनी यात्रा को अपडेट करना भूल गया था। अब मैंने अपने परिचय में गर्व से बदलाव करते हुए इसे ‘असम, भारत’ कर दिया है। कांग्रेस के कुछ मित्र मुझसे पूछ रहे हैं कि मैंने अपने परिचय में बदलाव क्यों किया है। मुझे उम्मीद है कि यह स्पष्टीकरण उन्हें संतुष्ट कर देगा।”
ट्विटर परिचय में बदलाव करते हुए शर्मा ने कहा कि सभ्यतागत संघर्ष ‘इंडिया’ और ‘भारत’ के इर्द-गिर्द केंद्रित है। उन्होंने कहा, “औपनिवेशिक विरासतों से खुद को मुक्त कराने के लिए संघर्ष करना चाहिए।”
शर्मा पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने कहा कि उन्हें यह प्रधानमंत्री को बताना चाहिए जिन्होंने सरकारी योजनाओं के ‘स्किल इंडिया’ और ‘स्टार्ट-अप इंडिया’ जैसे नाम दिए हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मोदी ने अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों से ‘टीम इंडिया’ के तौर पर साथ में काम करने के लिए कहा था तथा ‘वोट इंडिया’ संबंधी अपील भी की थी।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, “इंडिया भारत है और भारत इंडिया है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY