गुवाहाटी, 17 सितंबर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को सिंगापुर की ली कुआन यू एक्सचेंज फेलोशिप मिली है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में रविवार को यह जानकारी दी गयी।
विज्ञप्ति के मुताबिक, फेलोशिप के तहत हिमंत विश्व शर्मा को सार्वजनिक कार्यों और विकास क्षेत्र में उनके 'समर्पित नेतृत्व' के लिए ली कुआन यू फ़ेलो के रूप में सिंगापुर आने का निमंत्रण दिया गया है।
यह फेलोशिप व्यक्तियों को उनके राष्ट्र के विकास और सिंगापुर के साथ द्विपक्षीय संबंधों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान की जाती है।
फेलोशिप सिंगापुर के संस्थापक प्रधानमंत्री ली कुआन यू को राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के लिए श्रद्धांजलि के रूप में शुरू की गई थी।
असम के मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक विज्ञप्ति में कहा,‘‘हिमंत शर्मा को विकास और अंतरराष्ट्रीय सद्भाव के मुद्दे को आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए इस पुरस्कार के लिए चुना गया है।’’
यह फेलोशिप पाने वाले शर्मा असम के पहले मुख्यमंत्री हैं।
इस उपलब्धि के साथ शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण शौरी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया जैसे लोगों की सूची में शामिल हो गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY