देश की खबरें | असम और मिजोरम ने अंतर-राज्यीय सीमा पर यथास्थिति बनाये रखने का संकल्प लिया

आइजोल , एक अप्रैल मिजोरम और असम अंतर-राज्यीय सीमा पर यथास्थिति बनाये रखेंगे। एक मंत्री ने शुक्रवार को यहां यह बात कही।

पूर्वोत्तर के इन दोनों राज्यों के बीच वीडियो कान्फ्रेंस के जरिये बैठक हुई। असम द्वारा मिजोरम पर अंतर-राज्यीय सीमा के पास सड़कें बनाकर यथास्थिति का उल्लंघन करने के आरोपों के बीच यह बैठक हुई।

मिजोरम के गृहमंत्री लालचामलियाना ने कहा कि बैठक में अंतर-राज्यीय सीमा पर विवादित क्षेत्रों में यथास्थिति बनाये रखने पर सहमति बनी।

उन्होंने कहा कि दोनों ही पक्ष लंबे समय से चले आ रहे इस सीमा विवाद के समाधान के लिए उच्च स्तरीय बैठक करने पर राजी हुए।

मंत्री ने कहा कि असम सरकार को वार्ता के लिए प्रस्ताव एवं तौर-तरीके तैयार करने को कहा गया है।

इस बैठक में मिजोरम का प्रतिनिधित्व लालचामलियाना ने किया जबकि असम प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई उसके सीमा विकास मंत्री अतुल बोरा ने की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)