देश की खबरें | जामा मस्जिद के रंग को तय करने की जिम्मेदारी एएसआई की : सपा विधायक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश की संभल विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक इकबाल महमूद ने सोमवार को कहा कि शाही जामा मस्जिद के रंग को तय करने की जिम्मेदारी भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की है।
संभल, 17 मार्च उत्तर प्रदेश की संभल विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक इकबाल महमूद ने सोमवार को कहा कि शाही जामा मस्जिद के रंग को तय करने की जिम्मेदारी भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की है।
उन्होंने हालांकि जोर देकर कहा कि मस्जिद को पहले की तरह ही रंगा जाना चाहिए।
महमूद ने मियां सराय स्थित अपने आवास पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि एएसआई और पुलिस प्रशासन सरकार के प्रभाव में काम करते हैं।
उन्होंने शाही जामा मस्जिद में भगवा रंग से पुताई किए जाने कि हिंदू पक्ष की कथित मांग को खारिज करते हुए कहा, “एएसआई को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मस्जिद का मूल रंग बरकरार रहे। कुछ हिंदू समूहों द्वारा भगवा रंग की मांग उचित नहीं है।”
विधायक ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विपरीत मुस्लिम समुदाय ने हमेशा अदालती फैसलों का सम्मान किया है। महमूद ने कहा, “हमने बाबरी मस्जिद के फैसले को शांतिपूर्वक स्वीकार किया, लेकिन अब उत्तर प्रदेश सरकार राजनीतिक कारणों से संभल की जामा मस्जिद का मुद्दा उछालना चाहती है।”
उन्होंने कहा, “मस्जिद हमेशा से ही अपनी प्रबंध समिति के नियंत्रण में रही है, जिसने इसके रखरखाव का काम संभाला है। इसमें वार्षिक रंग-रोगन भी शामिल है।”
सपा नेता ने सवाल उठाया कि एएसआई ने शुरू में रंग-रोगन की अनुमति क्यों नहीं दी, जिससे मस्जिद प्रबंधन समिति को उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
उन्होंने कहा, “अदालत का आदेश निष्पक्ष था और हमें न्यायपालिका पर भरोसा है। एएसआई को अनावश्यक बदलाव करने के बजाय मौजूदा रंगों से ही पुताई करानी चाहिए।”
महमूद ने भगवा रंग की पुताई की मांग पर कहा, “भगवा रंग मंदिरों के लिए उपयुक्त है और इस पर किसी को आपत्ति नहीं है। इसी तरह, मस्जिद को अपने पारंपरिक रंगों को बनाए रखना चाहिए।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 17, 2025 11:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

