देश की खबरें | एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट कोविड-19 के कारण जून 2021 तक स्थगित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने एशियाई क्षेत्र में कोविड-19 महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए गुरूवार को इस साल सितंबर में होने वाले एशिया कप टूर्नामेंट को जून 2021 तक स्थगित कर दिया।

नयी दिल्ली, नौ जुलाई एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने एशियाई क्षेत्र में कोविड-19 महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए गुरूवार को इस साल सितंबर में होने वाले एशिया कप टूर्नामेंट को जून 2021 तक स्थगित कर दिया।

इस फैसले से इंडियन प्रीमियर लीग के लिये रास्ता साफ हो गया जिसे आयोजक सितंबर से नवंबर तक कराने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि टी20 विश्व कप के भी टलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़े | कोविड-19 के दिल्ली में 2187 नए मामले पाए गए, 45 की मौत: 9 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

एक दिन पहले ही बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के चरण के रद्द होने की घोषणा की थी जिसके मेजबानी अधिकार पाकिस्तान के पास थे।

एशिया कप के एक साल स्थगित होने के बाद अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के भी टी20 विश्व कप के स्थगित होने की घोषणा करने की उम्मीद है जिसका आयोजन अक्टूबर-नवंबर में होना है।

यह भी पढ़े | कश्मीर: पंपोर में सेना के काफिले पर आतंकी हमला, स्थानीय महिला जख्मी- सर्च ऑपरेशन जारी.

एशियाई क्रिकेट परिषद ने ट्वीट किया, ‘‘कोविड-19 महामारी के असर पर काफी सोच विचार और मूल्यांकन के बाद एसीसी कार्यकारी बोर्ड ने एशिया कप टूर्नामेंट को स्थगित करने का फैसला किया जिसे सितंबर 2020 में आयोजित किया जाना था। ’’

एसीसी ने बयान में कहा, ‘‘एसीसी के कार्यकारी बोर्ड ने एशिया कप टूर्नामेंट पर कोविड-19 महामारी के प्रभाव का आकलन करने के लिये कई मौकों पर मुलाकात की। ’’

गांगुली और बीसीसीआई सचिव जय शाह एसीसी बोर्ड का हिस्सा हैं। एसीसी बोर्ड टूर्नामेंट की मेजबानी से होने वाले स्वास्थ्य जोखिम की अनदेखी नहीं कर सकता था।

विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘बोर्ड शुरू से ही निर्धारित समय पर टूर्नामेंट की मेजबानी करने को प्रतिबद्ध था। लेकिन यात्रा संबंधित बाधाओं, देशों में लगी विशेष पृथकवास की जरूरतें, स्वास्थ्य संबंधित जोखिम और सामाजिक दूरी के अनिवार्य नियमों ने एशिया कप की मेजबानी पर काफी चुनौतियां पेश कीं। ’’

इसके मुताबिक, ‘‘इन सबसे ऊपर भाग लेने वाले खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ, व्यवसायिक साझीदारों, प्रशंसकों और क्रिकेट समुदाय के स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधित जोखिमों को महत्वपूर्ण माना गया। ’’

एशिया कप 2020 के आयोजक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सुरक्षा कारणों से मेजबानी अधिकार श्रीलंका क्रिकेट से अदला-बदली किये।

विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘एसीसी बोर्ड ने इन सभी कारणों पर काफी विचार के बाद एशिया कप 2020 को स्थगित करने का फैसला किया। टूर्नामेंट का आयोजन जिम्मेदाराना तरीके से करना ही एसीसी की प्राथमिकता है और बोर्ड को उम्मीद है कि टूर्नामेंट 2021 में कराया जायेगा। ’’

इस इंतजाम के हिसाब से श्रीलंका क्रिकेट अब जून 2021 में स्थगित हुए एशिया कप की मेजबानी करेगा जबकि पीसीबी 2022 चरण का मेजबान होगा।

टूर्नामेंट का स्थगित होना तय लग रहा था लेकिन गांगुली ने एक दिन पहले इस फैसले की घोषणा कर दिया और यह बात पीसीबी अधिकारियों एहसान मनी और वसीम खान को पंसद नहीं आयी।

पीसीबी से इस संबंध में कोई अधिकारिक बयान नहीं आया, लेकिन इन दोनों के करीब सूत्र ने कहा कि प्रोटोकॉल के मुताबिक मेजबान के ही टूर्नामेंट के स्थगित होने की घोषणा करना आदर्श होता।

सूत्र ने कहा, ‘‘वे खुश नहीं है क्योंकि पाकिस्तान अधिकारिक रूप से एशिया कप का मेजबान था और दूसरी बात उन्हें लगता है कि यह घोषणा एसीसी ही करता। गांगुली के घोषणा करने से स्पष्ट होता है कि बीसीसीआई चाहता था कि यह टूर्नामेंट स्थगित हो। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\