देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री ने योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया और पूरे राज्य में आयोजित कार्यक्रमों में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के टी परनाइक, मुख्यमंत्री पेमा खांडू, उप मुख्यमंत्री चौना मीन और विभिन्न मंत्रियों ने हिस्सा लिया।

ईटानगर, 21 जून अरुणाचल प्रदेश में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया और पूरे राज्य में आयोजित कार्यक्रमों में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के टी परनाइक, मुख्यमंत्री पेमा खांडू, उप मुख्यमंत्री चौना मीन और विभिन्न मंत्रियों ने हिस्सा लिया।

राज्यपाल परनाइक ने इस मौके पर कहा कि विश्व के विभिन्न हिस्सों के लोग योग में रूचि ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि तनाव, अवसाद और चुनौतियों के समय में योग मन की शांति लाता है शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त बनाता है। उन्होंने कहा कि योग में विभिन्न शारीरिक चुनौतियों और बीमारियों के लिए उपचार मौजूद हैं।

राज्यपाल ने लोगों से कम उम्र से ही योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग के नियमित अभ्यास से जीवन और कार्य वातावरण में सकारात्मकता आएगी, जिससे कार्य और व्यावसायिक प्रयासों में बेहतर उत्पादकता और सफलता सुनिश्चित होगी।

उन्होंने प्रतिभागियों को प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग करने की सलाह दी तथा उनसे अपने साथियों और परिवार के सदस्यों को भारतीय परंपरा के गौरव का अभ्यास करने के लिए प्रोत्साहित करने और प्रेरित करने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने कम उम्र में ही योग के अभ्यास को विकसित करने के लिए राजभवन कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की अधिकतम भागीदारी का सुझाव दिया और इस बात पर जोर दिया कि प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान में योग कक्षाएं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि शारीरिक प्रशिक्षण प्रशिक्षकों को योग का प्रशिक्षण अवश्य दिया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों के बीच योग को बढ़ावा देने के अपने प्रयास के तहत इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को योग पुस्तिकाएं वितरित कीं।

मुख्यमंत्री खांडू ने यहां एक कार्यक्रम में योग करने के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘नियमित रूप से योग का अभ्यास करने से व्यक्ति कुछ बहुत अच्छे गुण ग्रहण कर सकता है.....।’’

नामसाई जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल उप मुख्यमंत्री ने लोगों से योग की प्राचीन पद्धति अपनाने और इसे अपने दैनिक जीवन में शामिल करने का आह्वान किया।

जिला प्रशासन और असम राइफल्स के सहयोग से जिला स्वास्थ्य सोसायटी नामसाई की ओर से आयोजित कार्यक्रम में योग सत्र आयोजित किया गया। इसके बाद असम राइफल्स और अरुणाचल प्रदेश पुलिस के बीच एक मैत्रीय वॉलीबॉल मैच खेला गया। इसके अलावा जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (डीआरडीए) परिसर में पौधारोपण अभियान भी चलाया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\