छत्रपति संभाजीनगर, 15 जून महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर की एक अदालत ने धोखाधड़ी के एक मामले में बीड जिले में ज्ञानराधा सहकारी ‘मल्टी-स्टेट क्रेडिट सोसायटी’ के दो निदेशकों की गिरफ्तारी को शनिवार को अवैध घोषित कर दिया और निर्देश दिया कि यदि वे किसी अन्य मामले में वांछित नहीं हैं तो उन्हें रिहा कर दिया जाए।
बीड पुलिस ने बैंक के प्रमुख सुरेश कुटे और संयुक्त निदेशक आशीष पाटोडेकर को जमाकर्ताओं से धोखाधड़ी के आरोप में सात जून को पुणे के पास हिंजवडी से गिरफ्तार किया था। वे 13 जून तक पुलिस हिरासत में थे।
दोनों को पिछले दो दिनों से नजरबंद रखा गया था क्योंकि आरोपियों ने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली कई याचिकाएं दायर की थी।
दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद, माजलगांव के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बी जी धर्माधिकारी ने फैसला सुनाया कि कुटे और पाटोडेकर की गिरफ्तारी “अवैध” है। उन्होंने आदेश में कहा, “यदि किसी अन्य अपराध में उनकी आवश्यकता न हो तो उन्हें तुरंत रिहा किया जाए।”
दोनों आरोपियों का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिवक्ता अमन कचेरिया और राहुल अग्रवाल ने अदालत के समक्ष कहा कि उनके मुवक्किलों की गिरफ्तारी अवैध और कानूनन गलत है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तारियां उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन हैं, क्योंकि जांच अधिकारी ने “गिरफ्तारी के कारण या आधार” बताए बिना दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने दलील दी कि बैंक निदेशकों की पुलिस हिरासत उनके मौलिक अधिकारों का हनन है।
माजलगांव नगर पुलिस ने बैंक के दोनों निदेशकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 409 (आपराधिक विश्वासघात) और 34 (साझा इरादा) और महाराष्ट्र जमाकर्ताओं के हितों का संरक्षण (वित्तीय प्रतिष्ठानों में) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY