देश की खबरें | ‘गलवान के नायकों’ की स्मृति में सेना ने वीडियो जारी किया

नयी दिल्ली, 15 जून पूर्वी लद्दाख में चीनी सैनिकों के साथ गलवान घाटी में हुए संघर्ष में वीरगति को प्राप्त भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए भारतीय सेना ने मंगलवार को एक वीडियो गीत जारी किया।

गलवान घाटी में हुए संघर्ष को आज एक साल पूरा हो गया।

मशहूर गायक हरिहरन द्वारा गाए गए गीत ‘गलवान के वीर’ में प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में गलवान घाटी की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए भारतीय सैनिकों के शौर्य और साहस को रेखांकित किया गया है।

पांच मिनट के वीडियो में बर्फ से ढकी पर्वत चोटियों पर तैनात भारत के वीर सैनिकों की 24 घंटे पहरेदारी, उनके प्रशिक्षण और किसी भी खतरे से निपटने के लिए उनकी अभियानगत तैयारियों की झलक दिखाई गई है।

सेना ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्र की स्मृतियों में सैनिकों का सर्वोच्च बलिदान हमेशा बना रहेगा।

पिछले साल 15 जून को गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हुई झड़प में 20 भारतीय सैनिकों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।

चीन इस झड़प में मारे गए अपने सैनिकों की संख्या छिपाता रहा और फरवरी में उसने आधिकारिक रूप से कहा कि उसके पांच सैनिक मारे गए थे। हालांकि माना यह जाता है कि झड़प में इससे कहीं अधिक चीनी सैनिक हताहत हुए। अमेरिका की एक खुफिया रिपोर्ट में यह संख्या 35 बताई गई थी।

इस झड़प में 16 बिहार रेजीमेंट के कर्नल संतोष बाबू ने गलवान घाटी में गश्त बिंदु 14 के पास सबसे आगे रहकर भारतीय सैनिकों का नेतृत्व किया था।

जनवरी में उन्हें मरणोपरांत दूसरे सर्वोच्च सैन्य पुरस्कार महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)