देश की खबरें | सेना ने जलभराव के बाद लोगों को घरों से निकालने में जोधपुर प्रशासन की मदद की

जोधपुर (राजस्थान), 28 जुलाई जोधपुर प्रशासन ने भारी बारिश के बाद यहां न्यू रूप नगर में जलभराव के चलते घरों में फंसे लोगों को बचाने के लिए बृहस्पतिवार को सेना की मदद ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पूरे मोहल्ले में पिछले तीन दिनों से तीन-चार फुट पानी भरा हुआ है।

जोधपुर में सोमवार से लगभग 320 मिमी बारिश दर्ज की गई और शहर जबरदस्त जलभराव का सामना कर रहा है।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और सेना के दलों ने पानी में डूबे घरों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए बचाव अभियान शुरू किया है।

प्रशासन ने घरों से पानी निकालने के लिए पंप लगाए लेकिन पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

न्यू रूप नगर निवासी गोपाल सिंह ने कहा कि घरों में पानी घुसने से लोग पिछले तीन दिनों से ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने पिछले तीन दिनों में न तो ठीक से खाया है और न ही ठीक से सोए हैं। बिजली नहीं है और पूरे इलाके में पानी भर जाने से हम यहीं फंसे हुए हैं।’’

जलभराव के कारण जोधपुर में कई जगहों पर स्थिति गंभीर बनी हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि कई घरों को नुकसान पहुंचा है जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)