चंडीगढ़, 10 जुलाई भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात के बीच सेना ने पंजाब के एक निजी विश्वविद्यालय से 910 छात्रों और 50 अन्य को बचाया। एक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।
पंजाब और हरियाणा में नागरिक प्रशासन ने सेना से बचाव अभियान के लिए मदद मांगी थी। इसके बाद सेना ने दोनों राज्यों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की सहायता के लिए अपनी पश्चिमी कमान की बाढ़ राहत टुकड़ियों को भेजा था।
बयान में कहा गया है कि बाढ़ राहत टोही दल को रूपनगर, मोहाली (पंजाब) और पंचकूला (हरियाणा) के प्रभावित इलाकों में भेजा गया है।
इसमें कहा गया, ‘‘जमीनी हालात का आकलन करने के बाद, बचाव एवं राहत दल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। बचाव दल ने सेना के अभियंताओं की टुकड़ियों के साथ फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए पूरी रात (रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि) काम किया।’’
बयान में कहा गया है कि पंजाब के चितकारा विश्वविद्यालय के 910 छात्रों और 50 अन्य नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
फिरोजपुर जिले के अराजी सबरन गांव में महिलाओं और बच्चों सहित 44 लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से निकाला गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY