राजौरी/जम्मू, 22 अप्रैल सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में हुए आतंकवादी हमले के स्थल का शनिवार को दौरा किया।
अग्रिम इलाके के एक गांव में इफ्तार के लिए फल और अन्य सामान ले जा रहे एक ट्रक पर बृहस्पतिवार को हुए हमले में पांच जवानों की मौत हो गई थी और एक जवान घायल हो गया था।
द्विवेदी ने सेना के ट्रक पर घात लगाकर हमला करने वाले आतंकवादियों का पता लगाने के लिए सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और तलाश अभियान की समीक्षा की।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक एस एल थाउसेन और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) मुकेश सिंह सहित शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की एक टीम ने भाटा धूरियन में घटनास्थल का दौरा किया।
उत्तरी कमान ने एक ट्वीट में कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने हमले के बाद अभियान की स्थिति की समीक्षा की। उन्हें अब तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई।
सेना ने कहा कि संगीओत गांव में इफ्तार के लिए फल और अन्य सामान ले जा रहा ट्रक आग की चपेट में आ गया और ग्रेनेड के संभावित इस्तेमाल के कारण उसमें आग लग गई।
अधिकारियों ने कहा कि जांचकर्ताओं को वाहन पर गोलियों के निशान मिले हैं, जिस पर तीन तरफ से हमला किया गया था। ये जवान आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए तैनात राष्ट्रीय राइफल्स की एक यूनिट से थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY