Archery: दीपिका जगह बनाने से चूकी, दास की राष्ट्रीय टीम में वापसी
मातृत्व विश्राम से वापसी कर रही विश्व की पूर्व नंबर एक तीरंदाज दीपिका कुमारी इस साल होने वाले एशियाई खेलों, विश्व कप और विश्व चैम्पियनशिप के लिए सोमवार को यहां भारतीय टीम में जगह बनाने में विफल रही
सोनीपत, 20 फरवरी मातृत्व विश्राम से वापसी कर रही विश्व की पूर्व नंबर एक तीरंदाज दीपिका कुमारी इस साल होने वाले एशियाई खेलों, विश्व कप और विश्व चैम्पियनशिप के लिए सोमवार को यहां भारतीय टीम में जगह बनाने में विफल रही. विश्व कप में कई स्वर्ण पदक जीतने वाली दीपिका यहां भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) केंद्र में आयोजित रिकर्व वर्ग की तीरंदाजों के लिए तीन दिनों के ट्रायल स्पर्धा में शीर्ष आठ में जगह बनाने में विफल रही. वह पिछले महीने कोलकाता में हुए ट्रायल में सातवें स्थान पर रही थी. यह भी पढ़ें: ईस्ट बंगाल एफसी के मुख्य कोच स्टीफन कॉन्स्टेंटाइन बोले, हमने अच्छा प्रदर्शन किया
कई उलटफेर भरे नतीजे वाले दिन में मौजूदा जूनियर और पूर्व कैडेट विश्व चैंपियन कोमालिका बारी और पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन रिधि फोर भी शीर्ष-आठ से बाहर रहे. शीर्ष चार स्थान पर रहने वाले तीरंदाजों को टीम में जगह मिलेगी जबकि उनके प्रदर्शन में गिरावट पर पांचवें से आठवें स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों के नाम पर विचार किया जायेगा.
भजन कौर, अदिति जायसवाल, अंकिता भकत और सिमरनजीत कौर ने शीर्ष चार में जगह बनाई जो इस साल सभी छह प्रमुख टूर्नामेंटों में प्रतिस्पर्धा करेंगी जिसमें एशियाई खेल और विश्व कप के अलावा विश्व चैम्पियनशिप के चार आयोजन शामिल है. पुरुष वर्ग में हालांकि दीपिका के पति अतनु दास की एक साल के बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है. अतनु पिछले साल ट्रायल में पिछड़ गये थे. उन्होंने आखिरी बार तोक्यो ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व किया था.
दो बार ओलंपिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाला यह तीरंदाज सेना के धीरज बी के बाद दूसरे स्थान पर रहा. अनुभवी तरुणदीप राय और युवा नीरज चौहान ने शीर्ष चार में जगह बनाई.
तुषार शेलके, मृणाल चौहान, विश्व कप पदक विजेता जयंत तालुकदार और इंद्रजीत स्वामी शीर्ष आठ में जगह बनाने वालों में शामिल रहे.
कम्पाउंड वर्ग में अनुभवी अभिषेक वर्मा शीर्ष चार में जगह नहीं बना सके ऐसे में उन्हें पहली पसंद की टीम में जगह नहीं मिलेगी. विश्व में नौवें नंबर के खिलाड़ी 33 वर्षीय वर्मा पांचवें स्थान पर रहे, इसका मतलब है कि वह पहली पसंद की टीम में जगह नहीं बना पाएंगे. भारतीय तीरंदाजी के उच्च प्रदर्शन निदेशक संजीव सिंह ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि शीर्ष चार में शामिल तीरंदाजों के बेहतर प्रदर्शन नहीं करने की स्थिति में पांचवें से आठवें स्थान के बीच के तीरंदाजों के नाम पर विचार किया जायेगा.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 20, 2023 04:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

