नयी दिल्ली, 25 अगस्त भारत ने श्रीलंका की यात्रा की योजना बना रहे अपने नागरिकों से बृहस्पतिवार को अनुरोध किया कि सतर्कता बरतें और किसी जरूरी यात्रा से पहले पड़ोसी देश में मुद्रा विनिमय एवं ईंधन के हालात जैसे कारकों पर विचार कर लें।
श्रीलंका पिछले कुछ महीने से ईंधन और खाद्य सामग्री की भयावह कमी से जूझ रहा है।
भारत ने श्रीलंका को आर्थिक संकट से निपटने में मदद के लिए इस साल 3.8 अरब डॉलर से अधिक राशि की सहायता दी है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, ‘‘हम वहां के घटनाक्रमों पर नजर रख रहे हैं। हमारी समझ है कि भारतीय अब भी श्रीलंका के लिए पर्यटकों का सबसे बड़ा स्रोत हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा हालात में भारतीयों की श्रीलंका की यात्रा के संबंध में मैं इस बात पर जोर देना चाहता हूं कि भारत के बाहर प्रवास के दौरान और इस मामले में श्रीलंका में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा तथा कुशलता हमारे लिए हमेशा प्रमुख विषय है।’’
बागची ने कहा, ‘‘हमारा प्रयास भारत के बाहर भारतीयों को लेकर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने का है। इसलिए हम भारतीयों को श्रीलंका में पूरी सावधानी एवं सतर्कता बरतने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY