देश की खबरें | आप्र : तीन जिलों के पुलिस अधीक्षकों के तबादले किये गये

अमरावती, 16 जून आंध्र प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को जिले के नाम बदलने को लेकर मुख्यालय शहर अमलापुरम में हुई आगजनी की घटनाओं के बाद कोनसीमा के पुलिस अधीक्षक के एस एस वी सुब्बा रेड्डी का तबादला कर दिया।

हालांकि, आगजनी में कोई हताहत नहीं हुआ। राज्य के परिवहन मंत्री पी विश्वरूपु और सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस विधायक पी सतीश के घरों के अलावा, कुछ बसों और अन्य सार्वजनिक और निजी संपत्तियों में आग लगा दी गयी।

मंत्री के कुछ करीबी अनुयायियों और वाईएसआरसी, टीडीपी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जन सेना के कार्यकर्ताओं को कोनसीमा हिंसा के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था।

संयोगवश, अमलापुरम में भीड़ द्वारा पथराव में पुलिस अधीक्षक सुब्बा रेड्डी भी घायल हो गये।

कुरनूल के पुलिस अधीक्षक चौधरी सुधीर कुमार रेड्डी को कोनसीमा का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

सुब्बा रेड्डी को बतौर कमांडेंट मंगलागिरी में आंध्र प्रदेश की विशेष पुलिस बटालियन में स्थानांतरित किया गया है।

सरकार ने कृष्णा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ कौशल का भी तबादला कर उन्हें कुरनूल में तैनात कर दिया है।

विजयवाड़ा में पुलिस उपायुक्त (कानून व्यवस्था) के पद पर कार्यरत पी जोशुआ को कृष्णा का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

मुख्य सचिव समीर शर्मा की ओर से जारी आदेश के अनुसार विशाल गुन्नी को विजयवाड़ा का नया उपाधीक्षक (कानून व्यवस्था) नियुक्त किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)