अमरावती, 17 जून आंध्र प्रदेश में इंजीनियरिंग कॉलेज के संकाय सदस्य, सरकारी विद्यालयों के सैकड़ों शिक्षकों को आधुनिक सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) जैसे इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल (आईएफपी), स्मार्ट टीवी, बायजू के लर्निग ऐप और टैब इस्तेमाल करने का प्रशिक्षण देंगे।
इस दौरान प्रत्येक इंजीनियरिंग कॉलेज में जुलाई के पहले पखवाड़े में प्रति सत्र 40 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिसके लिए स्कूल इंफ्रास्ट्रक्चर कमिश्नर ने राज्य के सभी स्कूलों को निकटतम इंजीनियरिंग कॉलेज से जोड़ने के लिए रूपरेखा तैयार कर ली है।
स्कूल शिक्षा प्रधान सचिव प्रवीण प्रकाश ने शनिवार को राज्य सरकार द्वारा साझा की गई विज्ञप्ति में कहा, "जुलाई के पहले पखवाड़े में, संबंधित इंजीनियरिंग कॉलेजों में शिक्षकों का व्यक्तिगत प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। इसके बाद प्रत्येक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र अपने इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिये स्कूलों में जाएंगे।
गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग ने कक्षा चार से दसवीं तक के सरकारी स्कूल के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री प्रदान करने के लिए एड-टेक कंपनी बायजू के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
हाल ही में, राज्य भर के 150 इंजीनियरिंग कॉलेजों के 300 संकाय सदस्यों और बायजू के 26 जिला नोडल अधिकारियों के लिए इन डिजिटल उपकरणों की विशेषताओं से परिचित कराने के लिए एक कार्यशाला आयोजित की गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY