भोगपुरम (आंध्र प्रदेश), तीन मई आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने बुधवार को विजयनगरम जिले में भोगपुरम गांव में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे की आधारशिला रखी। प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र के चौतरफा विकास के उद्देश्य से तैयार यह परियोजना 4,592 करोड़ रुपये की है।
मुख्यमंत्री ने भोगपुरम हवाईअड्डा के अलावा जिले में 194 करोड़ रुपये की तारका राम सागरम परियोजना और 24 करोड़ रुपये की ‘चिंतापल्ली फिश लेंडिंग सेंटर’ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी आधारशिला रखी।
आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री रेड्डी के हवाले से कहा गया है, “भोगपुरम हवाईअड्डे पर शुरुआत में 40 लाख यात्री आवागमन करेंगे और बाद में यह संख्या चार करोड़ हो जाएगी, जिससे यह विशाखापत्तनम, विजयनगरम और श्रीकाकुलम जिलों के केंद्र के तौर पर उभरेगा।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि दो रनवे वाले हवाईअड्डे पर सबसे बड़ा यात्री विमान एयरबस ए380 भी उतारा जा सकता है। इसमें कई अन्य सुविधाएं भी हैं।
इसके अलावा विशाखापत्तनम और भोगपुरम को जोड़ने वाले 60 किलोमीटर लंबे छह लेन के एक राजमार्ग की चार महीनों के अंदर आधारशिला रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने हवाईअड्डे का निर्माण कर रहे जीएमआर समूह से यह परियोजना दो वर्ष में पूरी करने का आग्रह किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY