अनंतपुरामु (आंध्र प्रदेश), आठ जुलाई आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने शनिवार को राज्य के 10 लाख से अधिक किसानों को 2022 खरीफ सत्र के लिए फसल बीमा मुआवजे के रूप में 1,117 करोड़ रुपये वितरित किये।
संयुक्त आंध्र प्रदेश के दिवंगत मुख्यमंत्री वाई. एस. राजशेखर रेड्डी की जयंती को ‘रायथु दिनोथसावम’ (किसान दिवस) के रूप में मनाते हुए मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने किसानों को फसल बीमा मुआवजे की राशि वितरित की।
मुख्यमंत्री ने अनंतपुरमु जिले के कल्याणदुर्ग में डॉ. वाईएसआर मुफ्त फसल बीमा योजना के तहत एक जनसभा में धनराशि जारी की।
राज्य सरकार की एक विज्ञप्ति के अनुसार रेड्डी ने कहा, ‘‘मैं जब भी पिता (राजशेखर रेड्डी) को याद करता हूं, तो मैं पाता हूं कि उन्होंने किसानों के कल्याण के लिए कितने प्रयास किये थे। मुझे मुफ्त बिजली, जलयज्ञम, आरोग्यश्री जैसी योजनाएं याद आती हैं जिनसे किसानों और गरीबों को लाभ हुआ था।’’
इसके अनुसार मुख्यमंत्री रेड्डी ने कहा कि उनके पिता संयुक्त आंध्र प्रदेश में 2004 और 2009 के बीच मुख्यमंत्री थे और उन्होंने गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाओं की शुरुआत की थी।
किसानों को प्रदान किये गये फसल बीमा पर चर्चा करते हुए, रेड्डी ने कहा कि यह मुआवजा उन पात्र किसानों को दिया जाता है, जिन्हें पिछले साल के खरीफ सत्र के दौरान नुकसान हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY