UP Elections 2022: यूपी चुनाव में जीत को लेकर अखिलेश यादव ने भरा दंभ, कहा- अंबेडकरवादी और समाजवादी मिलकर 2022 में BJP का करेंगे सफाया
संविधान दिवस के मौके पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख और उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया कि अंबेडकरवादी और समाजवादी मिलकर 2022 में भाजपा का सफाया कर देंगे.
लखनऊ, 26 नवंबर: संविधान दिवस के मौके पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख और उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने दावा किया कि अंबेडकरवादी और समाजवादी मिलकर 2022 में भाजपा का सफाया कर देंगे. सपा प्रमुख यादव ने शुक्रवार को कांशीराम स्मृति उपवन सांस्कृतिक स्थल में संविधान बचाओ महाआंदोलन राष्ट्रीय मंच द्वारा आयोजित ''भारतीय संविधान दिवस समारोह व संविधान बचाओ विराट महापंचायत'' को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा. यह भी पढ़े: UP Assembly Elections 2022: अखिलेश यादव ने रचा योगी आदित्यनाथ के लिए चक्रव्यूह, BJP के कई पुराने साथी भी दे रहे है साथ
अखिलेश यादव ने कहा कि ''लोकतंत्र में जो जनता को दुख देता है, समय आने पर जनता उनसे हिसाब किताब करती है. इसलिए जनता ने फैसला किया है कि इस बार भाजपा का सफाया होगा. इस बार अंबेडकरवादी और समाजवादी मिलकर इन्हें हटा देंगे. '' उन्होंने कहा, ''यह कोई नया नहीं है, बाबा साहेब के साथ डॉ. राममनोहर लोहिया मिलकर काम करना चाहते थे. फिर से हम लोगों ने कोशिश की पर वह सपना पूरा नहीं हुआ. लेकिन हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है और 2022 में यह सपना जरूर पूरा होगा.
’’उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने बसपा प्रमुख मायावती से गठबंधन किया था. लेकिन सपा प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में महज पांच सीटों पर सिमट गई जबकि बसपा को दस सीटों पर जीत मिली थी. इस कार्यक्रम में अखिलेश यादव के अलावा बाबा साहेब अंबेडकर के पौत्र व पूर्व सांसद प्रकाश आंबेडकर, भीमराव यशवंत राव अंबेडकर, बसपा संस्थापक कांशीराम की बहन स्वर्ण कौर, सपा गठबंधन में शामिल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, गठबंधन की एक अन्य साझेदार अपना दल (कमेरावादी) की प्रमुख नेता पल्लवी पटेल, पूर्व आयकर आयुक्त सुवचन राम समेत कई प्रमुख लोग शामिल हुए.
अपने संबोधन की शुरुआत में यादव ने इस आयोजन के लिए पूर्व सांसद सावित्री बाई फुले के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि ''हम समाजवादी लोग आपके संकल्प के साथ खड़े हैं और संविधान बचाने के लिए हम आपके साथ हैं. ''यादव ने बिना नाम लिए प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जो लोग यहां से निकले, यहीं से दिल्ली का रास्ता बनाया, उनके लिए मैंने कहा था यहीं से भाजपा का दरवाजा खुला और इस बार उत्तर प्रदेश की जनता ने तय किया है कि इस बार दरवाजा बंद होगा और वह सत्ता से बेदखल होंगे. ’’
उन्होंने नोट बंदी और कृषि कानूनों को वापस लिए जाने के प्रधानमंत्री के फैसलों की चर्चा करते हुए उन पर तंज कसा. सपा प्रमुख ने पंचायत चुनाव में बेईमानी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी जमकर प्रहार किया.उन्होंने कहा कि अगर कोई अपना अधिकार मांगेंगा तो पुलिस लाठियों से पीटेगी और बाल पकड़कर खींचेगी.प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि ''समाज की राजनीति में अगर हम लोग फंस गये तो इंसानियत की राजनीति को भूल जाएंगे. इंसानियत की राजनीति को लेकर चलेंगे तब ही इस देश को इकट़ठा रख पाएंगे. इस देश की इंसानियत की होनी चाहिए. ''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 26, 2021 05:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

