देश की खबरें | अमरनाथ यात्रा: श्रीनगर के मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ‘छड़ी-स्थापना’ समारोह आयोजित किया गया

श्रीनगर, 19 अगस्त छड़ी मुबारक के लिए ‘छड़ी-स्थापना’ समारोह शनिवार को यहां एक मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित किया गया।

महंत दीपेंद्र गिरि के नेतृत्व में साधुओं के एक समूह ने ‘छड़ी मुबारक स्वामी अमरनाथ जी’ की वार्षिक तीर्थयात्रा के सिलसिले में आज सुबह यहां बड़शाह चौक पर श्री अमरेश्वर मंदिर अखाड़ा भवन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ समारोह संपन्न कराया।

पवित्र दंड के संरक्षक गिरि ने एक बयान में कहा कि पूजा लगभग दो घंटे तक चली।

छड़ी मुबारक को 26 अगस्त को पवित्र गुफा ले जाने तक, यहां अखाड़ा भवन में मंदिर में ‘‘दर्शन’’ के लिए रखा जायेगा।

दशनामी अखाड़े में सोमवार को पारंपरिक छड़ी-पूजन किया जायेगा।

छड़ी मुबारक 26 अगस्त को दक्षिण कश्मीर में 13,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए ले जायी जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)