खेल की खबरें | बायो बबल का कथित उल्लंघन : पांच भारतीय क्रिकेटर पृथकवास में, जांच शुरू, बीसीसीआई खिलाड़ियों के साथ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. उपकप्तान रोहित शर्मा, उदीयमान सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत समेत पांच भारतीय टेस्ट क्रिकेटरों को पृथकवास में रखा गया है और यह जांच की जा रही है कि उन्होंने जैव सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन तो नहीं किया है ।

मेलबर्न, दो जनवरी उपकप्तान रोहित शर्मा, उदीयमान सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत समेत पांच भारतीय टेस्ट क्रिकेटरों को पृथकवास में रखा गया है और यह जांच की जा रही है कि उन्होंने जैव सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन तो नहीं किया है ।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने शनिवार को यह जानकारी दी । इससे पहले एक प्रशंसक ने ट्विटर पर वीडियो डाली थी जिसमें ये पांचों एक इनडोर रेस्तरां में खाना खा रहे थे । उस व्यक्ति ने यह भी दावा कि वह इन खिलाड़ियों के करीब बैठा था और उनके खाने का बिल चुकाने के बाद उसने पंत को गले लगाया । उसने बाद में गले लगाने वाला ट्वीट हटा लिया क्योंकि इससे प्रोटोकॉल के उल्लंघन का मसला खड़ा हो गया था ।

बीसीसीआई ने पहले अपने स्तर पर जांच से इनकार किया लेकिन क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने बाद में कहा कि मामले की संयुक्त जांच की जा रही है । इन पांचों को टीम के बाकी सदस्यों से अलग कर दिया गया है ।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने बयान में कहा ,‘‘ बीसीसीआई और सीए जांच कर रहे हैं कि जैव सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन तो नहीं हुआ है ।’’

क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने कहा ,‘‘ भारतीय क्रिकेट बोर्ड और क्रिकेट आस्ट्रेलिया को आज इस वीडियो पोस्ट के बारे में बताया गया जिसमें दिखाया गया है कि रोहित शर्मा, ऋषभ पंत, शुभमन गिल, पृथ्वी साव और नवदीप सैनी नववर्ष के दिन मेलबर्न के इंडोर रेस्तरां में खाना खा रहे थे ।’’

समझा जाता है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड अपने खिलाड़ियों का साथ देगा क्योंकि इस पर आम सहमति है कि जान बूझकर कोई उल्लंघन नहीं किया गया है । समझा जाता है कि भारतीय टीम 2007 . 08 के ‘मंकीगेट विवाद’ की तरह एकजुट रहेगी जब एंड्रयू साइमंड्स ने दावा किया था कि हरभजन सिंह ने उन पर नस्लीय टिप्पणी की ।

भारत और आस्ट्रेलिया चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेल रहे हैं और तीसरा मैच सात जनवरी से सिडनी में खेला जायेगा ।

प्रोटोकॉल के तहत खिलाड़ियों को सामाजिक दूरी का पालन करते हुए आउटडोर रेस्तरां में खाने की अनुमति है ।

मेडिकल टीमों से सलाह मशविरे के बाद ही पृथकवास प्रोटोकॉल लागू किया गया ।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने कहा ,‘‘ आस्ट्रेलिया और भारत की मेडिकल टीमों से सलाह के बाद इन खिलाड़ियों को एहतियातन पृथकवास में रखा गया है । ये खिलाड़ी यात्रा या अभ्यास के दौरान आस्ट्रेलिया और भारत की टीमों के बाकी सदस्यों से अलग रहेंगे । ’’

इन्हें हालांकि अभ्यास की अनुमति रहेगी ।

समझा जाता है कि क्रिकेट आस्ट्रेलिया के जैव सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत खिलाड़ियों को इनडोर रेस्तरां में भोजन नहीं करने के लिये कहा गया है । इसके साथ ही उन्हें सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल नहीं करने के लिये कहा गया है लेकिन वे पैदल टहल सकते हैं ।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया के बयान में जांच की कोई समय सीमा नहीं दी गई है लेकिन यह भी पता चला है कि भारतीय टीम प्रबंधन इससे खफा है ।

बोर्ड के एक सीनियर अधिकारी ने कहा ,‘‘ खिलाड़ी रेस्तरां के बाहर खड़े थे और बूंदाबांदी होने के कारण भीतर गए । अगर तीसरे टेस्ट से पहले भारतीय टीम पर दबाव बनाने के लिये यह किया गया है तो क्रिकेट आस्ट्रेलिया का यह बुरा तरीका है ।’’

रोहित हाल ही में 14 दिन का पृथकवास खत्म करके सिडनी से यहां पहुंचे हैं ।

यह पूछने पर कि क्या क्रिकेट आस्ट्रेलिया तीन खिलाड़ियों (रोहित, पंत और गिल) को अगले टेस्ट में भाग लेने से रोक सकता है, अधिकारी ने कहा ,‘‘पहली बात तो यह है कि उन्हें अभ्यास की अनुमति दी गई है । दूसरा, हमें नहीं लगता कि बात यहां तक पहुंचेगी क्योंकि ऐसा होने पर उसके विपरीत परिणाम होंगे ।’’

इससे पहले भारतीय क्रिकेट बोर्ड के एक सीनियर अधिकारी ने कहा था कि टीम को प्रोटोकॉल की जानकारी है और उसे तोड़ा नहीं गया है ।

अधिकारी ने कहा था ,‘‘जैव सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन नहीं हुआ है । भारतीय टीम से जुड़े हर व्यक्ति को प्रोटोकॉल की जानकारी है । आस्ट्रेलियाई मीडिया के एक हलके ने शर्मनाक हार के बाद टीम को बदनाम करने के लिये यह शिगूफा छोड़ा है ।’’

भारत ने मेलबर्न में दूसरे टेस्ट में आस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराकर श्रृंखला में वापसी की है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Australia Women vs India Women Only Test Pitch Report: इकलौते टेस्ट में भारत महिला के बल्लेबाज दिखाएंगे दम या ऑस्ट्रेलिया महिला के तेज गेंदबाज बनेंगे चुनौती? यहां जानें पिच रिपोर्ट

Australia Women vs India Women Only Test Prediction: अहम डे-नाइट टेस्ट में दबदबा कायम रखना चाहेगी ऑस्ट्रेलिया महिला, इतिहास रचने उतरेगी भारत महिला, मैच से पहले जानें कौनसी टीम मार सकती है बाजी

Australia Women vs India Women Only Test Weather Update: पर्थ में ऑस्ट्रेलिया महिला बनाम भारत महिला डे-नाइट टेस्ट में मौसम बनेगा अहम फैक्टर या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें मौसम का हाल

Shiv Jayanti 2026 Marathi Wishes: शिव जयंती के इन मराठी Quotes, WhatsApp Messages, GIF Greetings के जरिए छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती की दें शुभकामनाएं

\