देश की खबरें | राजस्थान में मतगणना की सभी तैयारियां पूरी : अधिकारी

जयपुर, दो दिसम्बर राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान में वोटों की गिनती रविवार को होगी जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने शनिवार को बताया कि राज्य के 199 विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना 33 जिला मुख्यालयों के 36 केन्द्रों पर तीन दिसम्बर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना के लिए 1121 सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

उन्होंने कहा कि जयपुर, जोधपुर एवं नागौर में दो-दो केंद्रों पर जबकि शेष 30 निर्वाचन जिलों में एक-एक केंद्र पर वोटों की गिनती की जाएगी। मतगणना की सभी तैयारियां की जा चुकी हैं। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस आयुक्त एवं पुलिस अधीक्षकों को मतगणना केंद्र में सुरक्षा मापदंडों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मतगणना के दिन शुष्क दिवस घोषित किया गया है।

राज्य की 200 में से 199 सीटों के लिए मतदान 25 नवंबर को हुआ था। करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया। इन 199 सीटों पर 1862 उम्मीदवार मैदान में हैं।

गुप्ता ने बताया कि राज्य में वोटों की गिनती के लिए 2552 टेबल लगाए गए हैं। ईवीएम मतगणना के लिए कुल 4180 राउंड होंगे। सबसे अधिक 34 राउंड शिव विधानसभा क्षेत्र में तथा सबसे कम 14 राउंड अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में होंगे।

उन्होंने बताया कि मतगणना जिला मुख्यालय पर सुबह 8 बजे विधानसभा क्षेत्र वार शुरू होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की मतगणना शुरू होगी। पोस्टल बैलेट की मतगणना के आधे घण्टे पश्चात प्रातः 8:30 बजे ईवीएम से मतगणना प्रारंभ होगी।

पृथ्वी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)