नयी दिल्ली, 14 जुलाई स्पाइसजेट ने साफ किया है कि बृहस्पतिवार को पायलटों के बीमार पड़ने की असामान्य सूचनाएं नहीं मिली और सभी पायलट ड्यूटी पर आए हैं। एयरलाइन ने दावा किया कि उसके खिलाफ गलत जानकारी फैलाने का बड़ा अभियान चलाया जा रहा है।
इससे पहले सूत्रों ने बताया था कि स्पाइस जेट के कुछ पायलटों ने एक संदेश प्रसारित किया था कि एयरलाइन के कैप्टन एवं प्रथम अधिकारी अपने कम वेतन के खिलाफ बृहस्पतिवार को बीमारी की छुट्टी (सिक लीव) पर रहेंगे।
इंडिगो एवं गो फर्स्ट के रखरखाव तकनीशियन का एक बड़ा तबका अपनी कम तनख्वाह के खिलाफ एक हफ्ते के दौरान बीमारी की छुट्टी पर रहा था। इंडिगो और गो फर्स्ट का उड़ान परिचालन प्रभावित नहीं हुआ है।
एक बयान में स्पाइस जेट ने कहा कि उसके खिलाफ गलत सूचना फैलाने का एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है जिनमें दावा किया गया है कि कुछ पायलट ने बृहस्पतिवार को बीमारी की छुट्टी ली है।
बयान के मुताबिक, ‘‘ यह जानकारी गलत और बेबुनियाद है और इसका कड़ाई से खंडन करते हैं। पायलट के आज बीमार पड़ने की असामान्य सूचना नहीं मिली और सभी पायलट ड्यूटी पर आए। सभी उड़ानें समय सारणी के मुताबिक रवाना हुईं।”
बीमारी की छुट्टी लेकर विरोध जताने को लेकर नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बुधवार को कहा था, “ हम स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। फिलहाल, परिचालन सामान्य है। उम्मीद है कि इसका जल्द समाधान कर लिया जाएगा।”
सूत्रों ने कहा कि इंडिगो ने पिछले छह दिनों में कम वेतन के विरोध में बीमारी की छुट्टी लेने वाले विमान रखरखाव तकनीशियन के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY