नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दुर्गा पूजा की पूर्व संध्या पर नागरिकों को बधाई देते हुए शुक्रवार को कहा कि लोगों को इस मौके पर महिलाओं यानी मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण का दृढ़ संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सदियों से चला आ रहा दुर्गा पूजा का त्योहार पूरे भारत में विशेषकर पूर्वी भारत में दस दिन तक मनाया जाता है।
यह भी पढ़े | Amarinder Singh on BJP: पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह ने बीजेपी पर समाज को बांटने का लगाया आरोप.
राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘त्योहार के दौरान श्रद्धालु शक्ति की देवी के रूप में मां दुर्गा, बुद्धि की देवी सरस्वती और समृद्धि दायिनी देवी लक्ष्मी की पूजा करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दुर्गा पूजा हमारी परंपरा में महिलाओं के सम्मान का प्रतीक है और इस अवसर पर हम सब को महिलाओं के सशक्तीकरण का दृढ संकल्प लेना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि ऐसी मान्यता है कि अजेय असुर पर विजय पाने के लिए देवी दुर्गा ने सभी देवताओं की सामूहिक शक्ति का प्रयोग किया था।
राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘इससे हमें यह संदेश प्राप्त होता है कि इस कठिन समय में हम सब भी एकजुट होकर हर प्रकार के संकट पर विजय पा सकते हैं।”
राष्ट्रपति भवन के एक बयान के अनुसार कोविंद ने कहा, ‘‘दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर मैं भारत और विदेश में बसे अपने देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY