Israel Hamas War: इजराइल के हाइफा बंदरगाह पर सभी कर्मचारी सुरक्षितः अडाणी पोर्ट्स
अडाणी समूह की कंपनी अडाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड ने सोमवार को कहा कि इजराइल में स्थित हाइफा बंदरगाह पर तैनात उसके कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं और सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं.
नयी दिल्ली, 9 अक्टूबर: अडाणी समूह की कंपनी अडाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड ने सोमवार को कहा कि इजराइल में स्थित हाइफा बंदरगाह पर तैनात उसके कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं और सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं. फलस्तीन के गाजा पट्टी इलाके पर नियंत्रण रखने वाले समूह हमास ने इजरायल के दक्षिणी इलाकों पर शनिवार को जमीनी एवं हवाई हमले कर दिए। इसके बाद से ही समूचे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है. अडाणी पोर्ट्स ने बयान में कहा कि वह हाइफा बंदरगाह को लेकर पूरी तरह सतर्क है और किसी भी विपरीत स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए उसने कारोबार को निरंतर जारी रखने की योजना तैयार कर ली है.
कंपनी ने साल की शुरुआत में ही इस रणनीतिक महत्व वाले बंदरगाह का 1.2 अरब डॉलर में अधिग्रहण किया था. कंपनी ने कहा, ‘‘हम जमीनी हालात पर नजदीकी निगाह बनाए हुए हैं। वहां का घटनाक्रम दक्षिणी इजरायल में हो रहा है जबकि हाइफा बंदरगाह उत्तरी इलाके में स्थित है.’’ अडाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड ने बयान में कहा, ‘‘हमने अपने कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं और वे सभी सुरक्षित हैं.’’
बयान के मुताबिक, अडाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड के कुल कारोबार में हाइफा बंदरगाह की हिस्सेदारी महज तीन प्रतिशत ही है. चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में कंपनी का कुल लदान 20.3 करोड़ टन था जिसमें हाइफा की हिस्सेदारी 60 लाख टन रही. इसके साथ ही कंपनी ने अपना कारोबारी प्रदर्शन कायम रहने को लेकर पूरा भरोसा जताया है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 09, 2023 03:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

