
अगरतला, सात फरवरी त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शुक्रवार को दावा किया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत गठबंधन सरकार के सभी सहयोगी एकजुट हैं।
मुख्यमंत्री साहा का यह बयान टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) प्रमुख प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा के बुधवार को सोशल मीडिया पर जारी उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर वादे पूरे नहीं किए गए, तो टीएमपी सत्ता से बाहर रह सकती है।
टिपरा मोथा पार्टी त्रिपुरा में भाजपा की सहयोगी है।
पश्चिमी त्रिपुरा जिले के नरसिंहगढ़ में पत्रकारों से बात करते हुए साहा ने कहा, ‘‘ऐसा नहीं है...मैंने उनसे (प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा) बात की। हम एकजुट हैं। आज टीएमपी के सभी विधायक बैठक करने के लिए मेरे आवास पर आ रहे हैं। विकास के मुद्दों पर चर्चा होगी। राज्य में गठबंधन सरकार अच्छे से चल रही है। हम सभी एकजुट हैं।’’
क्षेत्रीय पार्टी टीएमपी ने पिछला विधानसभा चुनाव अकेले लड़ा था और 13 विधानसभा सीट पर जीत हासिल की थी। पिछले साल लोकसभा चुनाव से ठीक पहले यह भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में शामिल हुई थी।
मुख्यमंत्री साहा ने यह भी दावा किया कि इस बार भाजपा दिल्ली में सरकार बनाएगी, क्योंकि ‘एग्जिट पोल’ ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने की संभावना जतायी है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना शनिवार को होगी।
साहा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सबकी नजर दिल्ली में माहौल पर है। दिल्ली की जनता ने पिछले दस सालों में इस स्थिति को अनुभव किया है। इस बार, यह चर्चा है कि भाजपा सत्ता में वापसी करेगी। यहां तक कि एग्जिट पोल ने पार्टी को स्पष्ट जनादेश मिलने की संभावना जतायी है।’’
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा कितनी सीटें जीतेगी, यह पूछे जाने पर मुख्यमंत्री साहा ने कहा, ‘‘भाजपा अच्छी संख्या में सीट जीतेगी और दिल्ली में अगली सरकार बनाएगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)