एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | एअर इंडिया विमान दुर्घटना : सह-पायलट क्लाइव कुंदर का पार्थिव शरीर उनके आवास पर लाया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अहमदाबाद में पिछले सप्ताह दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान के सह-पायलट फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर का पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार सुबह मुंबई में उनके घर लाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | एअर इंडिया विमान दुर्घटना : सह-पायलट क्लाइव कुंदर का पार्थिव शरीर उनके आवास पर लाया गया

मुंबई, 19 जून अहमदाबाद में पिछले सप्ताह दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के विमान के सह-पायलट फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर का पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार सुबह मुंबई में उनके घर लाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि सह-पायलट का पार्थिव शरीर विमान से मुंबई हवाई अड्डे लाया गया और इसके बाद उनके परिवार के सदस्य गोरेगांव (पश्चिम) में राम मंदिर रोड पर स्थित उनके आवास पर ताबूत लेकर पहुंचे।

कुंदर मुंबई में अपने बूढ़े माता-पिता और एक छोटी बहन के साथ रहते थे।

अधिकारी ने बताया कि कुंदर के पार्थिव शरीर को अपराह्न एक बजे तक उनके घर पर रखा जाएगा ताकि लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकें। इसके बाद सेवरी क्रिश्चियन सीमेट्री में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

एअर इंडिया का 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लंदन लेकर जा रहा विमान एआई-171 अहमदाबाद में 12 जून को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में, विमान में सवार 241 लोग मारे गए थे जबकि एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया था। जिस चिकित्सा संस्थान में विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, वहां 29 लोग मारे गए थे।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एक बयान में बताया था कि इस विमान को कैप्टन सुमित सभरवाल और सह-पायलट क्लाइव कुंदर उड़ा रहे थे। सभरवाल के पास 8,200 घंटे तक विमान उड़ाने का अनुभव था जबकि कुंदर के पास 1,100 घंटे तक विमान उड़ाने का अनुभव था।

विमान ने दोपहर एक बजकर 39 मिनट पर अहमदाबाद से उड़ान भरी थी। विमान के पायलट (सभरवाल) ने अहमदाबाद में वायु यातायात नियंत्रण को उड़ान भरने के तुरंत बाद ‘मेडे’ संदेश भेजा जो पूरी तरह से आपात स्थिति को दर्शाता है।

कुछ क्षण बाद बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान हवाई अड्डा परिसर के बाहर स्थित एक चिकित्सा परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

मुंबई में पवई इलाके के निवासी सभरवाल का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2025 10:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).