देश की खबरें | एआईएनआरसी प्रमुख एन रंगासामी ने पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र भरा

पुडुचेरी, 15 मार्च एआईएनआरसी के संस्थापक और पुडुचेरी की निवर्तमान विधानसभा में विपक्ष के नेता एन रंगासामी ने थट्टनचावडी निर्वाचन क्षेत्र से सोमवार को अपना नामांकन पत्र भरा। इस केंद्रशासित प्रदेश में छह अप्रैल को विधानसभा चुनाव है।

उन्होंने 2016 में पिछला चुनाव कादिरकामम विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। अब वह थट्टनचावडी से चुनाव लड़ रहे हैं, जो अतीत में उनका गढ़ रहा था।

नामांकन पत्र भरने के बाद रंगासामी ने संवाददाताओं से कहा कि इस केंद्रशासित प्रदेश में एनआईएनआरसी की अगुवाई में राजग आसानी से जीतेगा।

उन्होंने कहा कि वह बुधवार को यणम से भी नामांकन पत्र भरेंगे, जो आंध्र प्रदेश में पुडुचेरी की बस्ती है।

कुछ सप्ताह पहले ही कांग्रेस छोड़कर एआईएनआरसी में शामिल हुए ए के डी अरूमुगम ने इंदिरा नगर निर्वाचन क्षेत्र से पर्चा दाखिल किया।

मुख्यमंत्री के संसदीय सचिव रहे के लक्ष्मीनारायण ने एआईएनआरसी के टिकट पर राजभवन निर्वाचन क्षेत्र से नामांकन पत्र भरा। वह फरवरी में कांग्रेस से एआईएनआरसी में आ गये थे।

इसी के साथ कई और उम्मीदवारों ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)