बकिंघम पैलेस ने हैरी की किताब पर आधिकारिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है। लेकिन ब्रिटिश अखबारों और वेबसाइट में शाही परिवार से जुड़े अनाम सूत्रों के बयान भरे हुए हैं, जिनमें हैरी के आरोपों का खंडन किया गया है।
ऐसे ही एक बयान में कहा गया है कि हैरी द्वारा सार्वजनिक रूप से ब्रिटिश राज परिवार पर हमला बोलने का असर महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के स्वास्थ्य पर भी हुआ, जिनकी सितंबर में मृत्यु हो गई थी।
ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय के मित्र एवं वयोवृद्ध पत्रकार जोनाथन डिंबलेबी ने कहा कि हैरी के रहस्योद्घाटन उसी प्रकार के थे "जिसकी आप उम्मीद करेंगे...’’ और इससे महाराजा को पीड़ा और निराशा हुई होगी।
उन्होंने बीबीसी से कहा, "उनकी चिंता... एक ऐसे देश के राष्ट्राध्यक्ष के रूप में काम करना है, जिसके बारे में हम सभी जानते हैं कि वह संकटग्रस्त स्थिति में है।"
हैरी की किताब "स्पेयर" में कई दावे किए गए हैं और यह राजकुमार और उनकी पत्नी मेगन के सार्वजनिक बयानों की कड़ी में नवीनतम मामला है। हैरी ने शाही जीवन छोड़ दिया था और 2020 में कैलिफोर्निया चले गए थे। उस समय उन्होंने कहा था कि मेगन के प्रति मीडिया का व्यवहार नस्लवादी था और उन्हें राजमहल से समर्थन नहीं मिला।
"स्पेयर" किताब मंगलवार को दुनिया भर में रिलीज होने वाली है।
शाही परिवार से उनके अलगाव को लेकर मीडिया में काफी बातें आईं, जिसमें 2021 में ओपरा विनफ्रे के साथ एक प्रसिद्ध साक्षात्कार शामिल है, जिसे लेकर काफी विवाद भी हुआ था।
हैरी ने अपनी किताब में यह भी लिखा है कि उन्होंने अफगानिस्तान में अपाचे हेलीकॉप्टर के पायलट के रूप में काम करते हुए 25 तालिबानी लड़ाकों को मार डाला था। उनके इस दावे की तालिबान और ब्रिटेन के पूर्व सैन्य अधिकारियों ने आलोचना की है।
किताब में हैरी के बचपन, उनके स्कूल के दिनों, शाही सदस्य के तौर पर उनके जीवन और ब्रिटिश सेना में कार्यकाल, माता-पिता व भाई के साथ उनके संबंध और विवाह पूर्व व विवाह के बाद मेगन के साथ उनके रिश्तों का जिक्र है।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY