देश की खबरें | केवल महिला चालक दल के साथ एअर इंडिया की उड़ान सैन फ्रांसिस्को से रवाना
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

बेंगलुरु, 10 जून कॉकपिट में केवल महिला चालक दल की सदस्यों वाली एअर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को-बेंगलुरु उड़ान ऐतिहासिक यात्रा पर रवाना हो गई है। यह उड़ान उत्तरी ध्रुव के ऊपर से होते हुए और अटलांटिक मार्ग से कर्नाटक की राजधानी पहुंचेगी।

एअर इंडिया के सूत्रों के मुताबिक, उड़ान संख्या एआई-176 शनिवार को सैन फ्रांसिस्को से रात 8.30 बजे (स्थानीय समयानुसार) रवाना हुई और यह सोमवार तड़के 3.45 बजे यहां पहुंचेगी।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री, हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट किया, ‘‘कॉकपिट में पेशेवर, योग्य और आत्मविश्वासी महिला चालक सदस्यों ने एअर इंडिया के विमान से सैन फ्रांसिस्को से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी है और वे उत्तरी ध्रुव से गुजरेंगी। हमारी नारी शक्ति ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।’’

एअर इंडिया ने कहा है कि यह दुनिया की सबसे लंबी वाणिज्यिक उड़ान होगी जो भारत में उसके या किसी अन्य एयरलाइन द्वारा संचालित की जाएगी।

उसने इस ऐतिहासिक उड़ान से पहले जारी एक बयान में कहा था कि इस मार्ग पर कुल उड़ान का समय 17 घंटे से अधिक होगा जो उस विशेष दिन पर हवा की गति आधारित होगा।

चालक दल की सदस्य हैं: कैप्टन जोया अग्रवाल, कैप्टन पापागरी तनमई, कैप्टन आकांक्षा सोनवरे और कैप्टन शिवानी मन्हास।

एयर इंडिया ने ट्वीट किया, ‘‘इसकी कल्पना कीजिए: -सभी महिला कॉकपिट सदस्य- भारत आने वाली सबसे लंबी उड़ान- उत्तरी ध्रुव से गुजरना और यह सब हो रहा है! रिकॉर्ड टूट गए। एआई-176 द्वारा इतिहास रचा गया। एआई-176, तीस हजार फुट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)