देश की खबरें | एआई कैमरा विवाद : माकपा ने मुख्यमंत्री विजयन का बचाव किया, कांग्रेस ने जांच की मांग की

तिरूवनंतपुरम, छह मई मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का दृढ़ता से बचाव किया, जो अपनी सरकार की हाल ही में शुरू की गई ‘‘सुरक्षित केरल’’ परियोजना के तहत राज्य में एआई कैमरे लगाये जाने में कथित भ्रष्टाचार को लेकर विपक्षी कांग्रेस के निशाने पर हैं।

कांग्रेस ने, हालांकि, सत्तारूढ़ पार्टी पर पलटवार किया और कहा कि परियोजना के खिलाफ सामने आए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों की सच्चाई सामने लाने के लिए एक व्यापक जांच की आवश्यकता है। कांग्रेस ने मामले की न्यायिक जांच की मांग की।

माकपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री ए के बालन ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने ऊपर लगे आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं क्योंकि इस मामले में सतर्कता जांच और प्रशासनिक स्तर की जांच पहले से ही चल रही है।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि इसी तरह के विवाद पहले भी मुख्यमंत्री और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ सामने आ चुके हैं लेकिन अब तक कुछ भी साबित नहीं हो सका है।

माकपा की केंद्रीय समिति के सदस्य बालन ने दावा किया कि मुख्यमंत्री को 2020 में कैमरा परियोजना के बारे में एक शिकायत मिली थी और इसे उन्होंने स्वयं सतर्कता विभाग को भेज दिया था।

उन्होंने पूछा, ‘‘मुख्यमंत्री इन सभी आरोपों का जवाब कैसे दे सकते हैं, जब उनके अधीन सतर्कता विभाग मामले की जांच कर रहा है।’’

उन्होंने मामले पर लगातार चुप्पी के लिए मुख्यमंत्री का बचाव करते हुए कहा कि जब उनका ही विभाग जांच कर रहा है तो आरोपों पर उनका प्रतिक्रिया देना सही नहीं है।

इस परियोजना में सबसे पहले भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाले कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने हालांकि बालन के इस दावे को खारिज कर दिया कि एआई कैमरा परियोजना में सतर्कता जांच चल रही है।

उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘बालन ने कहा है कि सतर्कता जांच चल रही है। क्या है सतर्कता जांच? यह जांच एक अवकाशप्राप्त सरकारी अधिकारी के खिलाफ किसी की शिकायत पर आधारित है, जो परिवहन विभाग के आयुक्त रह चुके हैं ।

उन्होंने दावा किया कि इसके अलावा, एआई कैमरों से जुड़ी किसी भी चीज के खिलाफ कोई जांच नहीं चल रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)