देश की खबरें | अगस्ता हेलीकॉप्टर घोटाला : अदालत ने पूरक आरोपपत्र का लिया संज्ञान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की एक अदालत ने अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाला मामले में ब्रितानी नागरिक क्रिश्चियन मिशेल जेम्स, दिल्ली के कारोबारी राजीव सक्सेना और अन्य के खिलाफ दर्ज पूरक आरोप पत्र का शुक्रवार को संज्ञान लिया।
नयी दिल्ली, 25 सितंबर दिल्ली की एक अदालत ने अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाला मामले में ब्रितानी नागरिक क्रिश्चियन मिशेल जेम्स, दिल्ली के कारोबारी राजीव सक्सेना और अन्य के खिलाफ दर्ज पूरक आरोप पत्र का शुक्रवार को संज्ञान लिया।
सक्सेना, अगस्ता वेस्टलैंड के तत्कालीन अंतरराष्ट्रीय निदेशक जी सापोनारो और अन्य को 23 अक्टूबर को तलब किया गया है।
यह भी पढ़े | Bihar Band के दौरान पटना में जन अधिकार पार्टी और बीजेपी कार्यकर्ता आपस में भिड़े, जमकर चले लाठी डंडे.
विशेष न्यायाधीश अरविंद कुमार ने तिहाड़ जेल में बंद मिशेल को अदालत में पेश करने के लिये वारंट जारी किया है। अदालत ने अधिकारियों से उसे सुनवाई की अगली तारीख पर अदालत में पेश करने को कहा है।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक पूरक आरोप पत्र में घोटाला में नेताओं, नौकरशाहों और वायु सेना के अधिकारियों के लिए रिश्वत लेने में सक्सेना और अन्य की कथित भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया है।
सूत्रों ने बताया कि इस वर्ष की शुरूआत में पूर्व रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा पर मुकदमा चलाने के लिए प्राधिकारों से अनुमति मांगी गयी थी लेकिन अब तक अनुमति नहीं मिलने के कारण उनका नाम आरोपी के तौर पर शामिल नहीं किया गया है ।
न्यायाधीश ने आईपीसी की धारा 120 बी (आपराधिक साजिश) के साथ धारा 201 (सबूतों को नष्ट करने), 420 (धोखाधड़ी), 467 (जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी से संबंधित) और 471 (जाली दस्तावेज को असली बताकर पेश करना) और भ्रष्टाचार रोकथाम कानून की विभिन्न धाराओं के तहत अपराधों का संज्ञान लिया है ।
न्यायाधीश ने 18 सितंबर को दाखिल आरोपपत्र का संज्ञान लेते हुए कहा, ‘‘मैंने सीबीआई के वकील की दलीलें सुनी है और रिकॉर्ड पर रखी गयी सामग्री पर गौर करूंगा। आरोपी व्यक्तियों को 23 अक्टूबर को तलब किया जाता है।’’
मामले में संदीप त्यागी, प्रवीण बक्शी, प्रताप कृष्ण अग्रवाल, नरेंद्र कुमार जैन, राजेश कुमार जैन, सुनील कोठारी , दीपक गोयल और के वी कुन्हीकृष्णन को भी तलब किया गया है ।
संदीप त्यागी पूर्व वायु सेना प्रमुख एस पी त्यागी के चचेरे भाई हैं। मामले में सितंबर 2017 में दर्ज पहले आरोप पत्र में अन्य लोगों के साथ एस पी त्यागी का भी नाम आरोपी के तौर पर शामिल किया गया था।
अदालत ने कुछ कंपनियों के अधिकारियों को भी तलब किया है । एजेंसी ने अदालत को बताया कि वह मामले में एक और पूरक आरोप पत्र दाखिल कर सकती है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)