जरुरी जानकारी | कृषि मंत्री का किसानों को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए ‘गतिशील’ खरीद का आह्वान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को गेहूं एवं अन्य रबी फसलों की बुवाई की प्रगति की समीक्षा की और किसानों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए सरकारी एजेंसियों के जरिये ‘गतिशील’ खरीद करने को कहा।
नयी दिल्ली, 28 जनवरी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को गेहूं एवं अन्य रबी फसलों की बुवाई की प्रगति की समीक्षा की और किसानों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए सरकारी एजेंसियों के जरिये ‘गतिशील’ खरीद करने को कहा।
कृषि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में चौहान ने जुलाई से शुरू होने वाले आगामी खरीफ सत्र के लिए पर्याप्त खाद और बीज सुनिश्चित करने की तैयारियों पर भी चर्चा की।
एक सरकारी बयान के मुताबिक, ‘‘कृषि मंत्री ने कहा कि सरकारी खरीद एजेंसियों के जरिये उपज की खरीद गतिशील ढंग से होनी चाहिए, साथ ही खरीद प्रणाली का सरकारी क्रियान्वयन भी होना चाहिए।’’
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, फसल वर्ष 2024-25 (जुलाई-जून) के रबी सत्र में अब तक गेहूं और अन्य फसलों की बुवाई 655.88 लाख हेक्टेयर में हो चुकी है, जो पिछले साल की समान अवधि के 643.72 लाख हेक्टेयर से ज्यादा है।
जहां प्रमुख रबी फसलों की बुवाई खत्म हो चुकी है, वहीं प्याज, आलू और टमाटर की बुवाई का समय अभी भी बाकी है।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस रबी सत्र में प्याज की बुवाई 11.47 लाख हेक्टेयर, आलू की बुवाई 21.47 लाख हेक्टेयर तथा टमाटर की बुवाई 5.83 लाख हेक्टेयर में की गई है।
तीनों फसलों के लिए अभी बुवाई का समय उपलब्ध है। मौजूदा अच्छे बाजार भाव को देखते हुए खेती का सामान्य रकबा हासिल होने की उम्मीद है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)