Agra: सपा के प्रदर्शन में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगने का आरोप, 5 लोग गिरफ्तार
समाजवादी पार्टी द्वारा बृहस्पतिवार को महंगाई के खिलाफ यहां किए गए प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाए जाने का ऑडियो-वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
आगरा (उत्तर प्रदेश), 16 जुलाई: समाजवादी पार्टी द्वारा बृहस्पतिवार को महंगाई के खिलाफ यहां किए गए प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाए जाने का ऑडियो-वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस अधीक्षक सदर बोत्रे रोहन प्रमोद ने शुक्रवार को बताया कि घटना की प्रारंभिक जांच में पंकज सिंह द्वारा पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाए जाने की बात सामने आयी है, उसके समर्थन में अन्य लोगों ने भी ‘‘जिंदाबाद जिंदाबाद’’ कहा था. उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत और गहन जांच की जा रही है. पांच लोग गिरफ्तार किये गए हैं, अन्य की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है.
पुलिस के अनुसार इस संबंध में नाई की मंडी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने महामारी अधिनियम, धारा 144 के उल्लंघन, धार्मिक भावनाएं आहत करने सहित अन्य धाराओं में पांच नामजद सहित 20-25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने इस संबंध में अभी तक सुल्तानगंज की पुलिया निवासी पंकज सिंह, आरिफ खान, चंद्रप्रकाश, दीपक वाल्मीकि और मधुकर सिंह को गिरफ्तार किया है. वहीं इस मामले में सपा के महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार का कहना है कि पुलिस ने जिन पांच युवकों को गिरफ्तार किया है, उनमें से एक भी सपा कार्यकर्ता नहीं है. उन्होंने दावा किया है कि सपा के किसी कार्यकर्ता ने ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ का नारा नहीं लगाया.
आरोपी पंकज सिंह के भारतीय जनता पार्टी से जुड़े होने के कुछ दावों के बारे में पूछे जाने पर भाजपा प्रवक्ता के. के. भारद्वाज ने कहा कि गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोग सपा कार्यकर्ता हैं और उन पांच से दो पदाधिकारी हैं.
भारद्वाज ने कहा कि किसी भी पार्टी के प्रदर्शन में देशद्रोही नारेबाजी बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को सपा ने महंगाई के विरोध में सदर तहसील में प्रदर्शन किया था. प्रदर्शन के बाद सपा कार्यकर्ता नारे लगाते हुए लौट गए. उसी रात, एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें सपा महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार नजर आ रहे हैं और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए युवकों की आवाज सुनाई दे रही है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 16, 2021 09:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

