देश की खबरें | आगा खान शांति और करुणा की आवाज थे : अमीन पटेल

मुंबई, पांच फरवरी कांग्रेस नेता अमीन पटेल ने बुधवार को कहा कि इस्माइली शिया मुसलमानों के आध्यात्मिक नेता आगा खान एक असाधारण दूरदर्शी थे, जो आधुनिक दुनिया में शांति, करुणा और आस्था की आवाज थे।

दक्षिण मुंबई के मुंबादेवी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक पटेल ने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर उनके मानवीय कार्यों ने दुनिया को स्थायी, दीर्घकालिक परिवर्तन के उदाहरण प्रदान किए हैं।’’

पटेल ने कहा, ‘‘उन्होंने आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क की स्थापना की, जिसने भारत में शहरी और ग्रामीण समुदायों में व्यक्तियों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए कई परियोजनाओं पर काम किया है, चाहे उनका धार्मिक जुड़ाव या मूल कुछ भी हो।’’

हार्वर्ड स्नातक के रूप में 20 साल की उम्र में ही दुनिया भर में लाखों इस्माइली मुस्लिमों के आध्यात्मिक नेता बन गए आगा खां चतुर्थ का मंगलवार को पुर्तगाल में निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आगा खान को श्रद्धांजलि देते हुए 2018 में मुंबई में उनसे हुई मुलाकात को याद किया।

इस्माइली शिया मुस्लिम समुदाय के आध्यात्मिक नेता के रूप में पदभार संभालने के बाद हीरक जयंती समारोह के एक हिस्से के रूप में 2018 में भारत की यात्रा के दौरान, आगा खान मुंबई आए थे और एक मार्च को महाराष्ट्र के तत्कालीन राज्यपाल चौधरी विद्यासागर राव और मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात की थी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और गरीबी उन्मूलन जैसे मुद्दों पर चर्चा की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)