देश की खबरें | दिल्ली में दो लोगों की मौत के बाद हरकत में आया लोक निर्माण विभाग, ईआरटी के गठन का निर्देश

नयी दिल्ली, 10 जुलाई दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने अपने अलग-अलग कार्य स्थलों पर दो लोगों की मौत के बाद दुर्घटनाओं से निपटने के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों (ईआरटी) के गठन का निर्देश दिया है।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार दलों को ऐसी घटना के चार घंटे के अंदर एक प्रारंभिक रिपोर्ट पीडब्ल्यूडी सचिवालय को सौंपनी होगी। इस रिपोर्ट के साथ कार्य स्थलों की ‘‘जियो-टैग’’ तस्वीर भी भेजनी होगी।

विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि किसी भी घटना के कारण मौत होने पर ठेकेदारों को काली सूची में डाला जा सकता है।

इस महीने की शुरुआत में यहां लोकनायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल परिसर में एक निर्माणाधीन इमारत में काम करते समय एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई थी।

इसके अलावा 30 जून की एक अन्य घटना में, अजीत शर्मा (51) पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा में एक यात्री को छोड़ने के बाद घर लौट रहे थे तभी उनका ऑटोरिक्शा वजीराबाद के पास बारिश के पानी से भरे गड्ढे में फंस गया था। जब वह वाहन को धक्का देने के लिए बाहर निकले तो खुद गड्ढे में गिरकर डूब गए और उनकी मौत हो गई।

पीडब्ल्यूडी के विशेष सचिव शशांक अला द्वारा जारी एक परिपत्र में कहा गया है, "आपातकालीन स्थितियों और दुर्घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए इमारतों, सड़कों व फ्लाईओवर आदि के निर्माण और रखरखाव में शामिल प्रत्येक सिविल और इलेक्ट्रिकल डिविजन में आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम का तुरंत गठन किया जाएगा।"

ईआरटी में तीन सदस्य- कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता और संबंधित कनिष्ठ अभियंता शामिल होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)