तिरुवनंतपुरम, 23 जुलाई कांग्रेस के कद्दावर नेता ओमन चांडी के निधन के बाद अब इस बात की अटकलें लगायी जा रही हैं कि पार्टी उनके निर्वाचन क्षेत्र के लिए किसे उम्मीदवार बनाएगी।
कांग्रेस तथा उसके सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने रविवार को कहा कि इसको लेकर कोई विवाद नहीं है कि उम्मीदवार कौन होगा। चांडी ने 53 साल तक पुथुपल्ली निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।
कांग्रेस नेता चेरियन फिलिप ने स्पष्ट संकेत दिया कि उम्मीदवार चांडी के परिवार का ही कोई सदस्य होगा। उन्होंने कहा कि चांडी के तीनों बच्चों को राजनीतिक समझ है और वे पार्टी में अहम भूमिका निभाने में सक्षम हैं।
फिलिप ने चांडी के निधन से खाली हुई सीट पर उनके ‘‘उत्तराधिकारी’’ के रूप में मुख्य रूप से कांग्रेस नेता के बेटे चांडी ओमन के नाम पर जोर दिया है, लेकिन उन्होंने चांडी की दोनों बेटियों आचु और मारिया की भी पैरवी की। फिलिप ने कहा कि अगर वे राजनीति में आना चाहती हैं, तो पार्टी उनका भी स्वागत करेगी।
फिलिप ने फेसबुक पर लिखे पोस्ट में कहा कि चांडी ओमन अपने पिता का स्थान लेने के लिए हर तरीके से योग्य हैं क्योंकि वह कांग्रेस की संस्कृति और अपने पिता के काम करने के तरीके को समझते हैं। वह अपनी कड़ी मेहनत और क्षमता के बल पर राष्ट्रीय तथा राज्य स्तर पर युवा कांग्रेस के नेता बने।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में चांडी ओमन ने कई किलोमीटर की पदयात्रा की थी। आचु के संदर्भ में कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्होंने शादी के बाद सक्रिय राजनीति छोड़ दी थी, लेकिन उनकी बहन को कम उम्र से ही राजनीति की समझ है।
उन्होंने कहा कि अगर वह ऐसे वक्त में राजनीति में आना चाहती हैं जब महिलाओं को इस क्षेत्र में अवसर मिल रहे हैं तो कांग्रेस पार्टी तथा उसके कार्यकर्ता उनका स्वागत करने के लिए तैयार हैं।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि चांडी अपने बच्चों के सक्रिय राजनीति में आने के पक्ष में नहीं थे और उन्हें लगता था कि परिवार का एक सदस्य ही राजनीति में पर्याप्त है।
कांग्रेस नेता और सांसद के. मुरलीधरन ने कोझिकोड में कहा कि पुथुपल्ली सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा होने के बाद पार्टी के उम्मीदवार पर तुरंत निर्णय लिया जाएगा और इस संबंध में कोई वाद-विवाद नहीं होगा।
यह पूछे जाने पर कि क्या उम्मीदवार चांडी परिवार का कोई सदस्य होगा, इस पर मुरलीधरन ने कहा कि पार्टी फैसला करते वक्त सभी पहलुओं पर गौर करेगी।
आईयूएमएल के राष्ट्रीय महासचिव पी के कुन्हलीकुट्टी ने भी कहा कि उपचुनाव के लिए उम्मीदवार तय करने में कोई समस्या नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘पुथुपल्ली तथा केरल को ओमन चांडी द्वारा तय मानकों को ही जारी रखने का अधिकार है। कांग्रेस पार्टी यह तय करेगी कि किसे निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करना चाहिए और इसमें कोई समस्या नहीं होगी। पार्टी द्वारा उम्मीदवार के चयन को लेकर कोई विवाद नहीं होगा।’’
केरल के दो बार मुख्यमंत्री रहे ओमन चांडी ने गत मंगलवार को बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह कैंसर का उपचार करा रहे थे। वह 79 वर्ष के थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY