देश की खबरें | बीड के बाद अब शरद पवार शुक्रवार को कोल्हापुर में रैली करेंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के संस्थापक शरद पवार मुंबई में विपक्षी भारतीय गठबंधन की बैठक से एक सप्ताह पहले शुक्रवार को कोल्हापुर में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगे। राकांपा के शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मुंबई, 22 अगस्त राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के संस्थापक शरद पवार मुंबई में विपक्षी भारतीय गठबंधन की बैठक से एक सप्ताह पहले शुक्रवार को कोल्हापुर में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगे। राकांपा के शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अजित पवार के आठ अन्य विधायकों के साथ जुलाई में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने के बाद राकांपा को विभाजन का सामना करना पड़ा था।

अपने भतीजे अजित पवार के विद्रोह और बाद में भाजपा और शिवसेना से हाथ मिलाकर प्रदेश सरकार में उनके उपमुख्यमंत्री बनने के बाद से राकांपा प्रमुख राज्य के विभिन्न हिस्सों में रैलियां कर रहे हैं। उन्होंने 17 अगस्त को बीड जिले में एक रैली को संबोधित किया, जो राकांपा (अजित पवार समूह) नेता और कैबिनेट मंत्री धनंजय मुंडे का गृह क्षेत्र है।

राकांपा (शरद पवार गुट) के मुख्य प्रवक्ता महेश तापसे ने यहां संवाददाताओं से कहा, “शरद पवार शुक्रवार (25 अगस्त) को कोल्हापुर में अपनी अगली सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगे। वह जलगांव और पुणे जिलों में भी रैलियों को संबोधित करेंगे।”

उन्होंने हालांकि जलगांव और पुणे जिले में होने वाली रैलियों के लिये तारीखों की जानकारी नहीं दी।

मुंबई में 31 अगस्त और एक सितंबर को होने वाली विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक से पहले शरद पवार रैलियों को संबोधित कर रहे हैं और नरेन्द्र मोदी सरकार पर जमकर हमला बोल रहे हैं।

हाल में पुणे में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बागी राकांपा नेताओं पर जमकर हमला बोला और कथित तौर पर उन्हें “कायर” कहा, जो कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए भाजपा-शिवसेना सरकार में शामिल हो गए। राकांपा संस्थापक ने हालांकि किसी का नाम नहीं लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\