लखनऊ, 25 अप्रैल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर मंगलवार को दुख जताया।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने आज यहाँ जारी एक शोक सन्देश में कहा, ‘‘श्री प्रकाश सिंह बादल एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थे। उन्होंने समाज के गरीब, कमजोर, शोषित और वंचित वर्गों के लिए जीवनपर्यन्त संघर्ष किया। पंजाब के मुख्यमंत्री तथा भारत सरकार के मंत्री के रूप में श्री बादल की सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा।’’
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘देश के वरिष्ठ राजनेता एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति व शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करें। भावभीनी श्रद्धांजलि।’’
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने ट्वीट करके कहा, ‘‘काफी लम्बा सम्मानित राजनीतिक सफर तय करने वाले शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल जी के आज निधन हो जाने की ख़बर अति-दुःखद। उनके परिवार व समस्त अनुयाइयों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।’’
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल (95) का मंगलवार को निधन हो गया। उन्हें करीब एक हफ्ते पहले मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY