देश की खबरें | आदेश कुमार गुप्ता ने दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद पर नवनियुक्त आदेश कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन और पूर्ववर्ती दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की उपस्थिति में कार्यभार संभाला।
नयी दिल्ली, पांच जून दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद पर नवनियुक्त आदेश कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन और पूर्ववर्ती दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की उपस्थिति में कार्यभार संभाला।
भाजपा ने मंगलवार को दिल्ली के मौजूदा पार्षद और उत्तरी दिल्ली के पूर्व महापौर गुप्ता को दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्त करने की घोषणा की थी।
यह भी पढ़े | Pregnant Elephant Death In Kerala: हैदराबाद के व्यक्ति ने केरल हथिनी मामले में 2 लाख के इनाम का किया ऐलान.
पदभार ग्रहण करने के मौके पर गुप्ता ने कहा, ‘‘ मैं पार्टी नेताओं का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाया। मैं उम्मीदें पूरी करने और संगठन को मजबूत करने का प्रयास करूंगा।’’
उन्होंने भाजपा की दिल्ली इकाई की ओर से कोविड-19 से निपटने के लिए दिल्ली सरकार को मदद की पेशकश की।
तिवारी ने अपने उत्तराधिकारी का स्वागत करते हुए उन्हे मेहनतकश करार दिया। पूर्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि गुप्ता कुशलता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे और पार्टी को नयी ऊचांइयों पर ले जाएंगे।
कोरोना वायरस की महामारी के चलते सीमित संख्या में नेता पद ग्रहण समारोह में मौजूद थे। गुप्ता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कार्यभार ग्रहण समारोह में नहीं शामिल होने की अपील की थी और कहा था कि वह जल्द उनसे मिलेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू और दुष्यंत गौतम, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, पार्टी सांसद रमेश विधूड़ी, मीनाक्षी लेखी और परवेश वर्मा, विधायक रामवीर विधूड़ी, अभय वर्मा, ओपी शर्मा, मोहन सिंह बिष्ट,विजेंद्र गुप्ता और दिल्ली भाजपा के संगठन सचिव सिद्धार्थन सहित अन्य नेता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)