जरुरी जानकारी | अडाणी टोटल गैस की ऑडिट कंपनी 'व्यस्तता' के चलते हुई अलग

नयी दिल्ली, तीन मई अडाणी समूह की कंपनी अडाणी टोटल गैस की ऑडिटिंग का जिम्मा संभाल रही अहमदाबाद स्थित चार्टर्ड अकाउंटेंसी कंपनी ने 'व्यस्तता' की वजह से खुद को इससे अलग कर लिया है।

अडाणी टोटल गैस लिमिटेड ने शेयर बाजारों को दी गई सूचना में कहा कि मैसर्स शाह धंधरिया एंड कंपनी ने कंपनी के वैधानिक ऑडिटर के रूप में काम करने से इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा दो मई, 2023 से प्रभावी हो गया है।

अमेरिकी निवेश फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च ने गत 24 जनवरी को अडाणी समूह पर जारी एक रिपोर्ट में शाह धंधरिया जैसी छोटी फर्म को अडाणी टोटल गैस जैसी बड़ी कंपनी का स्वतंत्र ऑडिट कार्य सौंपे जाने पर गंभीर सवाल उठाए थे।

हिंडनबर्ग ने रिपोर्ट में कहा था, "लगता है कि शाह धंधरिया के पास कोई मौजूदा वेबसाइट भी नहीं है। इस वेबसाइट के पुराने पेज बताते हैं कि इसके केवल चार साझेदार और सिर्फ 11 कर्मचारी हैं। अडाणी के अलावा यह कंपनी सिर्फ एक और सूचीबद्ध कंपनी का ऑडिट करती है जिसका बाजार पूंजीकरण करीब 64 करोड़ रुपये है।"

ऑडिटर फर्म ने अपने त्यागपत्र में कहा है कि उसे 26 जुलाई, 2022 को एक बार फिर पांच साल के लिए ऑडिट का जिम्मा सौंपा गया था और उसने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए ऑडिट का काम पूरा भी कर लिया है।

हालांकि कंपनी ने अपने अन्य दायित्वों में व्यस्तता का हवाला देते हुए अडाणी टोटल गैस का ऑडिट कार्य जारी रखने में असमर्थता जताई और इस्तीफे की पेशकश कर दी। इसके साथ ही कंपनी ने कहा, "हमारा त्यागपत्र पर्याप्त समुचित ऑडिट साक्ष्य हासिल करने में किसी अक्षमता का नतीजा नहीं है।"

यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शाह धंधरिया एंड कंपनी क्या अडाणी समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज के ऑडिट कार्य से भी हट जाएगी। अडाणी एंटरप्राइजेज के निदेशक मंडल की चार मई को बैठक होने वाली है जिसमें वित्तीय नतीजों पर विचार किया जाएगा।

हिंडनबर्ग रिपोर्ट में तमाम तरह की वित्तीय गड़बड़ियों और शेयरों के भाव में हेराफेरी करने के आरोप लगाए जाने के बाद से अडाणी समूह की कंपनियों को बड़े उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ा है। हालांकि समूह ने इन सभी आरोपों का खंडन करते हुए निवेशकों का विश्वास फिर से हासिल करने की कोशिशें जारी रखी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)