Bharat Jodo Yatra: ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से जुड़ीं अभिनेत्री स्वरा भास्कर
अभिनेत्री स्वरा भास्कर मध्य प्रदेश के उज्जैन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से गांधी के साथ भास्कर की तस्वीर साझा की गई.
उज्जैन (मप्र), 1 दिसंबर : अभिनेत्री स्वरा भास्कर (Swara Bhaskar) मध्य प्रदेश के उज्जैन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) में शामिल हुईं. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से गांधी के साथ भास्कर की तस्वीर साझा की गई. ट्वीट में लिखा है, ‘‘आज मशहूर अभिनेत्री स्वरा भास्कर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का हिस्सा बनीं. समाज के हर वर्ग की उपस्थिति ने इस यात्रा को सफल बनाया है.’’ भास्कर विभिन्न सम सामयिक मुद्दों पर अपने विचार मुखरता से रखने के लिए जानी जाती हैं. अभिनेत्री ने भी कांग्रेस पार्टी के ट्वीट को ‘रीट्वीट’ किया. इससे पहले अमोल पालेकर, संध्या गोखले, पूजा भट्ट, रिया सेन, सुशांत सिंह, मोना अम्बेगांवकर, रश्मि देसाई और आकांक्षा पुरी जैसी सिनेमा जगत की हस्तियां यात्रा में शामिल हो चुकी हैं.
हॉलीवुड अभिनेता जॉन कुसैक ने भी ट्विटर पर इस पदयात्रा का समर्थन किया है. सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से कांग्रेस का यह व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम शुरू हुआ था. गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ एक दिन के विश्राम के बाद बृहस्पतिवार सुबह उज्जैन से फिर से शुरू हुई और मध्य प्रदेश के आखिरी जिले आगर मालवा की ओर रवाना हुई. यात्रा के दौरान उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष शोभा ओझा भी गांधी के साथ यात्रा में शामिल नजर आए. उज्जैन के बाहरी इलाके में स्थित आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज से यात्रा सुबह करीब छह बजे शुरू हुई. पार्टी सूत्रों ने बताया कि यात्रा दोपहर बाद घाटिया बस स्टैंड से शुरू होगी और झालरा गांव में रात्रि विश्राम होगा. यह भी पढ़ें : Congress की Bharat Jodo Yatra का हिस्सा बनीं Swara Bhaskar, एक्ट्रेस ने Rahul Gandhi के कदम से कदम मिलाए (See pic)
गांधी की अगुवाई वाली यात्रा महाराष्ट्र से गुजरने के बाद ‘‘दक्षिण का द्वार’’ कहे जाने वाले बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव से मध्य प्रदेश में 23 नवंबर को दाखिल हुई थी. यह यात्रा चार दिसंबर को राजस्थान में दाखिल होने से पहले, 12 दिन के भीतर पश्चिमी मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल में 380 किलोमीटर का फासला तय करेगी. मध्य प्रदेश में यात्रा अब तक बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन और इंदौर जिलों से होकर गुजरी है. भाजपा शासित मध्य प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. यात्रा के दौरान गांधी ने उज्जैन में मंगलवार को देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक प्रसिद्ध भगवान महाकाल मंदिर के दर्शन किए. इससे पहले उन्होंने खंडवा जिले में एक अन्य ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर मंदिर में भी पूजा अर्चना की थी.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 01, 2022 01:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

