एजेंसी न्यूज

केरल में अभिनेत्री से यौन उत्पीड़न का मामला: जौहरी बॉबी चेम्मनूर को एसआईटी ने गिरफ्तार किया

मलयालम अभिनेत्री हनी रोज द्वारा दर्ज कराए गए यौन उत्पीड़न के एक मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बुधवार को मामले के आरोपी एवं कारोबारी बॉबी चेम्मनूर को गिरफ्तार कर लिया.

केरल में अभिनेत्री से यौन उत्पीड़न का मामला: जौहरी बॉबी चेम्मनूर को एसआईटी ने गिरफ्तार किया
honey rose (img: instagram)

कोच्चि (केरल), 8 जनवरी : मलयालम अभिनेत्री हनी रोज द्वारा दर्ज कराए गए यौन उत्पीड़न के एक मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बुधवार को मामले के आरोपी एवं कारोबारी बॉबी चेम्मनूर को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने यह जानकारी दी. चेम्मनूर को बुधवार सुबह वायनाड से हिरासत में लिया गया और शाम को कोच्चि लाया गया. समाचार चैनलों पर दिखाए गए वीडियो में पुलिस की एक टीम व्यवसायी की कार को रोकती हुई और वायनाड के एक चाय बागान में उन्हें हिरासत में लेती हुई दिखाई दी.

बाद में उन्हें कोच्चि ले जाने से पहले पुथुरवायल स्थित पुलिस शिविर ले जाया गया. पुलिस ने बताया कि चेम्मनूर को शाम करीब साढ़े सात बजे सेंट्रल पुलिस थाने लाया गया और उनकी गिरफ्तारी की गई. पेशे से जौहरी चेम्मनूर के खिलाफ अभिनेत्री द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए कोच्चि सेंट्रल थाने के सर्किल इंस्पेक्टर के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था. अभिनेत्री की शिकायत के बाद चेम्मनूर पर गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. यह भी पढ़ें : रिश्वतखोरी मामले में सत्र न्यायाधीश ने अग्रिम जमानत के लिए बंबई उच्च न्यायालय का रुख किया

अपनी शिकायत में रोज ने चेम्मनूर पर उनके खिलाफ ‘‘बार-बार अश्लील’’ टिप्पणी करने का आरोप लगाया है. पुलिस की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए रोज ने कहा कि यह उनके लिए राहत का अहसास कराने वाला दिन है. रोज ने एक समाचार चैनल से कहा कि उन्होंने इस मामले को केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के समक्ष उठाया था, जिन्होंने उन्हें दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 09, 2025 12:16 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).