अभिनेत्री नमिता ने मीनाक्षी अम्मन मंदिर के मैनेजमेंट पर दुर्व्यवहार का लगाया आरोप, हिंदू होने का मांगा गया सबूत
अभिनेत्री नमिता ने सोमवार को शिकायत की कि यहां प्रख्यात मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान उन्हें हिंदू होने का सबूत पेश करने के लिए कहा गया.
मदुरै (तमिलनाडु), 26 अगस्त अभिनेत्री नमिता ने सोमवार को शिकायत की कि यहां प्रख्यात मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान उन्हें हिंदू होने का सबूत पेश करने के लिए कहा गया. नमिता ने मंदिर के अधिकारियों के कथित अशिष्ट व्यवहार को लेकर नाराजगी प्रकट की. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य कार्यकारिणी की सदस्य नमिता ने आरोप लगाया कि मंदिर के एक अधिकारी ने उन्हें दर्शन करने से रोका और हिंदू होने का सबूत पेश करने के लिए कहा. यह भी पढ़ें: 'गले लगाया, किस किया', मलयालम एक्ट्रेस मिनू मुनेर ने चार सह-कलाकारों पर लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप
उन्होंने पत्रकारों से कहा, “उन्होंने मुझसे यह साबित करने के लिए प्रमाण पत्र मांगा कि मैं हिंदू हूं और साथ ही मेरा जाति प्रमाण पत्र भी मांगा. मैंने देश में जितने भी मंदिरों के दर्शन किए, उनमें मुझे ऐसी पीड़ा नहीं झेलनी पड़ी.”
नमिता ने कहा कि यह सर्वविदित तथ्य है कि वह हिंदू परिवार में जन्मी हैं और उनकी शादी तिरुपति में हुई थी तथा उनके बेटे का नाम भगवान कृष्ण के नाम पर रखा गया था.
उन्होंने कहा, “ऐसा होने पर उन्होंने अशिष्टता और अहंकार से बात की तथा मेरी जाति व मेरे धर्म को साबित करने के लिए प्रमाण पत्र मांगा.”
मंदिर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आरोपों से इनकार किया और कहा कि उन्होंने मास्क पहनी हुईं नमिता और उनके पति को रोककर पूछा कि क्या वे हिंदू हैं. अधिकारी ने कहा कि उन्होंने अभिनेत्री को मंदिर की परंपरा के बारे में बताया.
उन्होंने कहा, "उनके स्पष्टीकरण के बाद उनके माथे पर कुमकुम लगाया गया और उन्हें देवी मीनाक्षी के दर्शन के लिए मंदिर के अंदर ले जाया गया."
जब इस बारे में पूछा गया तो अभिनेत्री ने बताया कि उन्हें अपनी आस्था साबित करने और माथे पर कुमकुम लगाने के बाद ही दर्शन की अनुमति दी गई.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 26, 2024 07:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

