देश की खबरें | अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन को अस्पताल से मिली छुट्टी, शूटिंग के दौरान हो गये थे घायल

कोच्चि, 28 जून फिल्म शूटिंग के दौरान घायल हो गये अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन को बुधवार को यहां एक निजी अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी।

अस्पताल ने एक बयान में कहा कि सर्जिकल प्रक्रिया के दौरान पृथ्वीराज की मांसपेशियों का उपचार किया गया।

वीपीएस लेकशोर अस्पताल ने बयान में कहा, ‘‘ वीपीएस लेकशोर (अस्पताल) में अस्थिरोग विभाग के निदेशक और ‘ज्वायंट प्रीजर्वेशन’ के प्रमुख डॉ. जैकब वर्गीज ने सफलतापूर्वक सर्जरी की। सर्जरी के बाद पृथ्वीराज को सेहत में शीघ्र सुधार के लिए समग्र फिजियोथेरेपी करायी गयी। ’’

डॉ वर्गीज ने कहा कि उचित देखभाल तथा थेरेपी की मदद से आशा है कि पृथ्वीराज अगले कुछ महीनों में पूरी तरह ठीक हो जाएंगे।

रविवार दोपहर को इडुक्की जिले के मराययूर में ‘विलायत बुड्ढा’ फिल्म के एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान अभिनेता (40) घायल हो गये थे।

उन्होंने मंगलवार को इंस्टाग्राम एकाउंट पर अपने प्रशंसकों के बीच अपने स्वास्थ्य को लेकर जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘‘ ‘‘विलायत बुड्ढा’ के एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान मैं दुर्घटना का शिकार हो गया। सौभाग्य से मैं विशेषज्ञों कि निगरानी में हूं जिन्होंने घुटने की अहम सर्जरी की है और मेरी तबीयत सुधर रही है। अगले कुछ महीने मुझे आराम और फिजियोथेरेपी करनी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)