देश की खबरें | बीबीसी पर कार्रवाई से मोदी की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंच सकता है : दिग्विजय सिंह

भोपाल, 14 फरवरी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (बीबीसी) के कार्यालयों में आयकर विभाग के सर्वेक्षण से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंच सकता है।

राज्यसभा सदस्य सिंह ने कहा कि बीबीसी ने अपने 100 से अधिक वर्षों के अस्तित्व में शायद पहली बार इस तरह की कार्रवाई का सामना किया है।

सिंह ने कहा, ‘‘बीबीसी के 100 साल के इतिहास में शायद यह पहली बार है कि उसे दुनिया में कहीं भी इस तरह के छापे का सामना करना पड़ा है। उनका गलती सिर्फ इतनी थी कि उन्होंने 2002 के गुजरात दंगों पर एक वृत्तचित्र बनाया। हालांकि इसमें हर तरफ की आवाजें शामिल थीं। क्या इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान नहीं पहुंचेगा?’’

आयकर विभाग ने मंगलवार को कथित कर चोरी की जांच के सिलसिले में दिल्ली और मुंबई में बीबीसी के कार्यालयों तथा दो अन्य संबंधित स्थानों पर 10 घंटे से अधिक समय तक ‘सर्वे ऑपरेशन’ चलाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)