देश की खबरें | 14 लाख रुपये के गहने चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार

बेंगलुरु, पांच फरवरी पुलिस ने 37 वर्षीय एक चोर को 14 लाख रुपये मूल्य के गहने चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसने कथित तौर पर पहले चोरी किए पैसों से अपनी प्रेमिका के लिए तीन करोड़ रुपये का बंगला बनवाया था। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के सोलापुर का रहने वाला पंचाक्षरी स्वामी शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। स्वामी लूटे गए पैसों को अन्य महिलाओं पर खर्च करता था।

पुलिस का कहना है कि आरोपी पिछले दो दशकों से देशभर में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पंचाक्षरी स्वामी ने बेंगलुरु के मारुति नगर स्थित एक घर से 14 लाख रुपये के गहने चुराए थे।

बेंगलुरु में 9 जनवरी को हुई चोरी में उसकी संलिप्तता 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से सामने आई।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से 181 ग्राम सोने के बिस्किट, 33 ग्राम चांदी के गहने और एक हथियार बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, स्वामी ने 2003 में चोरी की शुरुआत की थी जब वह नाबालिग था। 2009 तक वह पेशेवर अपराधी बन चुका था और चोरी, डकैती और लूट से करोड़ों की संपत्ति अर्जित कर चुका था।

अधिकारी के अनुसार वर्ष 2014-15 में उसने एक अभिनेत्री के साथ समय बिताना शुरू किया और उस पर दिल खोलकर खर्च किया। स्वामी ने कोलकाता में उस अभिनेत्री के लिए 3 करोड़ रुपये का बंगला बनवाया था।

उन्होंने कहा कि आरोपी ने कथित तौर पर महिला मित्र को 22 लाख रुपये का एक एक्वेरियम भी भेंट किया था।

पुलिस का कहना है कि स्वामी के संबंध कुछ अन्य अभिनेत्रियों से भी थे।

स्वामी अकेले ही काम करता था। वह खाली घरों पर नजर रखता था और चोरी के बाद पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदल लेता था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)