नयी दिल्ली, 15 सितंबर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने 22 सितंबर को होने वाले दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के लिए शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।
डूसू के 2019 में हुए चुनाव में एबीवीपी ने चार में से तीन सीटें जीतीं। इस बार एबीवीपी की तरफ से तुषार डेढ़ा को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने सत्यवती कॉलेज से स्नातक किया है और फिलहाल बौद्ध अध्ययन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं। वह 2015 में एबीवीपी से जुड़े थे।
सुशांत धनखड़ उपाध्यक्ष पद के लिये लड़ेंगे। हरियाणा से आने वाले धनखड़ राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियन भी हैं। सचिव पद के लिए चुनाव लड़ रहीं अपराजिता उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली हैं। धनखड़ और अपराजिता भी बौद्ध अध्ययन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं।
एबीवीपी ने सचिन बैसला को संयुक्त सचिव पद के लिये अपना उम्मीदवार बनाया है। वह भी बौद्ध अध्ययन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं।
एनएसयूआई ने भी अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है जिसके तहत विधि अंतिम वर्ष के छात्र हितेश गुलिया को डूसू अध्यक्ष पद के लिये अपना उम्मीदवार बनाया गया है।
अभी दहिया को एनएसयूआई ने उपाध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया है। वह बौद्ध अध्ययन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं।
एनएसयूआई की तरफ से 24 वर्षीय यक्षणा शर्मा सचिव पद के लिये उम्मीदवार होंगी। वह ‘कैंपस लॉ सेंटर’ में विधि अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं।
शुभम कुमार चौधरी एनएसयूआई के संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार होंगे। वह भी बौद्ध अध्ययन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं।
डूसू के चुनाव चार वर्ष के अंतराल के बाद 22 सितंबर को हो रहे हैं। इससे पहले 2019 में चुनाव हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY