देश की खबरें | भारत में कोविड-19 के करीब 2.8 लाख मामले, जून में महज दस दिनों में बढ़े एक-तिहाई मामले
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश भर में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या बुधवार को करीब 2.8 लाख हो गई, जिसमें से एक-तिहाई मामले जून के माह के महज दस दिनों में सामने आये हैं। हालांकि एक सकारात्मक बात भी सामने आयी कि पहली बार इस संक्रमण से उबर चुके लोगों की संख्या उपचाररत लोगों से अधिक हो गयी है।
नयी दिल्ली, दस जून देश भर में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या बुधवार को करीब 2.8 लाख हो गई, जिसमें से एक-तिहाई मामले जून के माह के महज दस दिनों में सामने आये हैं। हालांकि एक सकारात्मक बात भी सामने आयी कि पहली बार इस संक्रमण से उबर चुके लोगों की संख्या उपचाररत लोगों से अधिक हो गयी है।
देश भर में कोरोना वायरस से संक्रमित कुल लोगों की संख्या में एक जून के बाद करीब 90 हजार नये मामले जुड़े हैं, जबकि मरने वालों की कुल संख्या में एक- तिहाई की बढ़ोतरी भी इन दस दिनों में हुई।
भारत में कोविड-19 का पहला मामला 30 जनवरी को सामने आया था लेकिन इसके बाद सौ दिनों से अधिक समय में 18 मई को संक्रमित लोगों के मामलों की संख्या एक लाख तक पहुंची। बहरहाल, अगला एक लाख मामले महज एक पखवाड़े में सामने आये और वर्तमान दर से इसी हफ्ते यह संख्या तीन लाख तक पहुंच सकती है। पिछले एक हफ्ते से अधिक समय से प्रतिदिन नौ हजार से अधिक मामले सामने आ रहे हैं।
वर्तमान में अमेरिका, ब्राजील, रूस और ब्रिटेन के बाद भारत कोविड-19 से बुरी तरह प्रभावित पांचवां देश है। लेकिन मामलों की संख्या के लिहाज से भारत का ब्रिटेन के साथ यह अंतर तेजी से कम होता जा रहा है जहां संक्रमण के मामले करीब 1.9 लाख हैं।
यह भी पढ़े | जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद खत्म होना चाहिये, इसने अंतहीन दर्द दिये हैं: डीजीपी दिलबाग सिंह.
जॉन हॉपकिंस विश्वविद्यालय के आंकड़े के मुताबिक, संक्रमण से होने वाली मौतों की संख्या के मामले में भारत का स्थान 12वां है जबकि मरीजों के ठीक होने के मामले यह नौवें स्थान पर है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़े के मुताबिक देश में उपचाररत मामलों की संख्या एक लाख 33 हजार 632 है जबकि अभी तक ठीक हुए लोगों की संख्या एक लाख 35 हजार 205 है।
मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार की सुबह आठ बजे के बाद पिछले 24 घंटे में करीब दस हजार नये मामले सामने आए हैं, जिससे देश में कुल संक्रमित लोगों की संख्या दो लाख 76 हजार 853 हो गई है। वहीं मरने वालों की संख्या में 279 का इजाफा होने के साथ ही कुल मृतकों की संख्या 7745 हो गई है। यह दिखाता है कि अभी तक संक्रमित लोगों में ठीक होने की दर करीब 49 फीसदी है। देश भर में करीब 50 लाख नमूनों की जांच की जा चुकी है।
बहरहाल, पीटीआई- के आंकड़ों के मुताबिक रात नौ बजकर 25 मिनट तक कुल संक्रमित लोगों की संख्या दो लाख 77 हजार 286 हो गई है जबकि मरने वालों की संख्या 8099 हो गई है। इसमें ठीक होने वाले लोगों की संख्या 1.4 लाख है। पीटीआई ने विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की तरफ से जारी आंकड़ों के आधार पर यह तालिका तैयार की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 10, 2020 11:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

