खेल की खबरें | अभिमन्यु यूडब्ल्यूडब्ल्यू विश्व चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. यूनाइटेड विश्व कुश्ती (यूडब्ल्यूडब्ल्यू)  विश्व चैंपियनशिप के शुरुआती दिन भारतीय पहलवान अभिमन्यु ने 70 किग्रा में लगातार दो जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की जबकि देश के तीन अन्य पहलवानों को दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा।

बेलग्रेड, 16 सितंबर यूनाइटेड विश्व कुश्ती (यूडब्ल्यूडब्ल्यू)  विश्व चैंपियनशिप के शुरुआती दिन भारतीय पहलवान अभिमन्यु ने 70 किग्रा में लगातार दो जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की जबकि देश के तीन अन्य पहलवानों को दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा।

मौजूदा विश्व चैम्पियनशिप ओलंपिक क्वालीफाइंग स्पर्धा है।

इस खेल की वैश्विक संस्था द्वारा दी गई समय-सीमा में चुनाव कराने में विफल रहने के कारण भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) को निलंबित कर दिया गया है। ऐसे में भारतीय पहलवान यूडब्ल्यूडब्ल्यू के ध्वज के तहत वैश्विक प्रतियोगिता में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।

अभिमन्यु ने प्रतियोगिता के पहले दौर में रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज यूक्रेन के इहोर न्यकीफोरुक को हराकर उलटफेर किया।

जून में अंडर 23 विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता और विश्व रैंकिंग में 26वें स्थान पर रहे अभिमन्यु ने यूक्रेन के खिलाड़ी को 19-9 से हारने के बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में मोलदोवा के निकोलाई ग्राहमेज को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार में 13-2 से मात दी।

सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उन्हें विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज अमेरिका के 28 साल के जैन एलेन रदरफोर्ड की चुनौती से पार पाना होगा। रदरफोर्ड 2022 में यहां विश्व चैम्पियनशिप में दूसरे स्थान पर रहे थे।

अभिमन्यु ने पहले मुकाबले के शुरुआती तीन मिनट के खेल में 5-0 की बढ़त बना ली थी। रेफरी को दूसरे पीरियड में 2.41वें मिनट पर खेल रोकना पड़ा।

आकाश दहिया (61 किग्रा) ने मोलदोवा के प्रतिद्वंद्वी लेओमिड कोलेस्निक को 10-5 से हराकर विजयी शुरुआत की।  दुनिया के 21वें नंबर के इस पहलवान को हालांकि उज्बेकिस्तान के छठी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी जाहोंगिरमिर्जा तुरोबोव से हार का सामना करना पड़ा। तुरोबोव ने भारतीय पहलवान को 7-4 से हराया।

पहलवान संदीप मान (86 किग्रा) ने पहले दौर में उत्तरी मैसेडोनिया के डेजान मित्रोव को तकनीकी श्रेष्ठता (10-0) से हराया लेकिन दूसरे दौर में चीन केलिन जुशेन से इसी अंदाज में 0-11 से हार गये।

भारत के 125 किग्रा पहलवान सुमित का सफर भी दूसरे दौर में खत्म हो गया। उन्होंने जापान के ताकी यामामोटो पर 3-1 आसान जीत के साथ अपना अभियान शुरू किया। वह हालांकि इस लय को प्री-क्वार्टर फाइनल में पोलैंड के रॉबर्ट बारान के खिलाफ जारी नहीं रख सके और 0-3 से हार गये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now